रिश्वतखोर रेंजर पर शिकंजा: ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी देकर मांग रहा था कमीशन, एसीबी ने दबोचा

Desk

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । आरोपी रेंजर अशोक सिंह ने एक लकड़ी ठेकेदार से उसके जायज काम की एनओसी जारी करने के बदले कमीशन की मांग की थी

क्या है पूरा मामला? शिकायतकर्ता सुलखन सिंह, जो लकड़ी ठेकेदारी का काम करते हैं, ने एसीबी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी । उनकी फर्म ‘भवानी स्टोन्स’ ने वन विभाग की रायसिंहनगर रेंज के अंतर्गत पटिया माईनर और सीसी माईनर से ठूंठ निकालने का ठेका लिया था । कार्य पूरा होने के बाद भी रेंजर अशोक सिंह एनओसी (NOC) जारी करने और फर्म को ब्लैकलिस्ट न करने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था

एसीबी का जाल और गिरफ्तारी: एसीबी द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान रेंजर 40,000 रुपये की पहली किस्त लेने पर सहमत हुआ । 23 मार्च 2026 को जब परिवादी रिश्वत की राशि लेकर रायसिंहनगर स्थित कार्यालय पहुँचा, तो आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए रिश्वत के नोट एक सफेद रुमाल में रखवा लिए और शक होने पर उन्हें एक प्लास्टिक के कट्टे में छिपा दिया । एसीबी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रेंजर को काबू किया और प्लास्टिक कट्टे से 40,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की

वैज्ञानिक साक्ष्य और आगामी जांच: जांच के दौरान जब आरोपी के हाथों और बरामद रुमाल की धुलाई करवाई गई, तो घोल का रंग मटमैला और हल्का गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने की पुष्टि करता है । एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है । इस प्रकरण की अग्रिम जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (हनुमानगढ़) श्रीमती सुधा पालावत को सौंपी गई है

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article