5 फीट की जगह 1 फीट गहरी लाइन! विधायक गोपाल शर्मा ने गंदे पानी की समस्या के पीछे भ्रष्टाचार को बताया जिम्मेदार

Desk
3 Min Read

गुलाबी नगरी के सिविल लाइन्स इलाके से भाजपा विधायक गोपाल शर्मा का ‘पानी सूंघकर वापस लौटाने’ वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल क्या हुआ, प्रशासन और विधायक दोनों ही हरकत में आ गए। वीडियो के वायरल होने के 24 घंटे के भीतर ही विधायक ने सुशीलपुरा इलाके में लीकेज और सीवर लाइन की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया है। गुरुवार को विधायक ने खुद मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

भ्रष्टाचार की वजह से जनता परेशान: गोपाल शर्मा

सीवर जेटिंग मशीनों और मजदूरों की टीम के साथ कार्यस्थल पर पहुंचे विधायक गोपाल शर्मा ने पिछली कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मौके पर मौजूद पाइप लाइनों को देखकर आरोप लगाया कि जनता की इस पीड़ा के पीछे बड़ा भ्रष्टाचार है।

“कायदे से पानी की राइजिंग लाइन 5 फीट गहरी होनी चाहिए थी, लेकिन इसे महज 1 फीट की गहराई पर डाल दिया गया। सड़क निर्माण के दौरान लाइन पंचर हुई और सीवर का पानी इसमें मिल गया। यह लापरवाही का नतीजा है जिसे जनता भुगत रही है।”

“ये लोग मेरे हैं…” – विधायक का भावनात्मक कार्ड

कल हुए भारी विरोध और गंदा पानी पीने के आग्रह के बाद पैदा हुए तनाव को कम करते हुए विधायक ने स्थानीय लोगों से कहा, “ये लोग मेरे हैं और मैं इनका हूं।” उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि समस्या का पूर्ण समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि काम को पूरी तरह दुरुस्त करने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन वे इसकी निगरानी खुद करेंगे।

क्या था पूरा मामला?

बता दें कि बुधवार (1 अप्रैल) को सुशीलपुरा में दूषित पानी की शिकायत पर पहुंचे विधायक गोपाल शर्मा का स्थानीय लोगों ने घेराव किया था। इस दौरान एक युवक ने विधायक को गिलास में भरकर गंदा पानी पीने के लिए दिया, जिसे विधायक ने सूंघकर वापस कर दिया था। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इलाके में हालात इतने खराब थे कि दूषित पानी पीने से कुछ बच्चे बीमार हो गए थे, जिन्हें देर रात मेडिकल टीम भेजकर उपचार मुहैया कराया गया।

- Advertisement -

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article