बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों पर CM भजनलाल शर्मा का त्वरित एक्शन: सभी कलेक्टर्स को दिए जल्द सर्वे कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश

Desk

जयपुर: प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। खेतों में कटी पड़ी और पककर तैयार रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरी संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत संज्ञान लिया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर्स को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में ओलावृष्टि और बारिश से हुए नुकसान का तत्काल प्रभाव से सर्वे करवाएं और इसकी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र राज्य सरकार को भेजें, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत पहुंचाई जा सके।

“किसानों की पीड़ा, हमारी पीड़ा” – सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री शर्मा ने किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों की सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ तत्पर है। उन्होंने कहा, “किसानों की पीड़ा हमारी पीड़ा है। राजस्थान की समृद्धि का आधार हमारे अन्नदाता भाई-बहन ही हैं।”

मुआवजा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि आपदा की इस घड़ी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट के इस समय में राज्य सरकार पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ किसान भाइयों के साथ दृढ़तापूर्वक खड़ी है। फसल खराबे से प्रभावित प्रत्येक किसान को शीघ्र एवं समुचित सहायता (मुआवजा) उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सरकार इसके लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article