ईरान और इजराइल के बीच गहराते विवाद और अंतरराष्ट्रीय एयर स्पेस में लगी अस्थायी पाबंदियों के कारण जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गल्फ देशों के लिए उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स को अगले आदेश तक रद्द (Cancel) कर दिया गया है। अचानक फ्लाइट्स कैंसिल होने से खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले सैकड़ों पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जयपुर से रद्द हुई प्रमुख फ्लाइट्स की सूची
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण एयरलाइंस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निम्नलिखित उड़ानों को रद्द कर दिया है:
- एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways): जयपुर से अबू धाबी (Abu Dhabi) जाने वाली फ्लाइट EY – 327
- एयर अरेबिया (Air Arabia): जयपुर से शारजाह (Sharjah) जाने वाली फ्लाइट G9436
- एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express): जयपुर से दुबई (Dubai) जाने वाली उड़ान IX – 195
- स्पाइसजेट (SpiceJet): जयपुर से दुबई (Dubai) जाने वाली फ्लाइट SG – 57
जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन की एडवाइजरी: बिना पुष्टि न आएं एयरपोर्ट
मौजूदा गंभीर हालातों को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि मिडिल ईस्ट क्षेत्र में जारी इसराइल-ईरान संघर्ष के कारण कई अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों में पाबंदियां हैं, जिसके चलते उड़ानों के संचालन समय (Schedule) और रूट (Route) में अचानक बदलाव हो सकता है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से सख्त अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की ताजा स्थिति (Live Status) की जानकारी जरूर ले लें। बिना आधिकारिक पुष्टि के एयरपोर्ट आने से बचें ताकि परेशानी से बचा जा सके।
दुबई और शारजाह रूट पर सबसे ज्यादा असर
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में सबसे अधिक असर दुबई और शारजाह रूट पर संचालित होने वाली उड़ानों पर देखा जा रहा है। प्रबंधन ने यात्रियों को सलाह दी है कि अंतरराष्ट्रीय एयर स्पेस क्लोजर के चलते फ्लाइट्स में देरी, कैंसिलेशन या रूट परिवर्तन की स्थिति बन सकती है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना अतिरिक्त समय लेकर और वैकल्पिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ही बनानी चाहिए। आने वाले दिनों में जब तक मध्य पूर्व में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, उड़ानों के संचालन में यह अनिश्चितता बनी रह सकती है।
