जयपुर में 8 और 9 मार्च को नारी शक्ति का महाकुंभ ‘शक्ति वंदन’: CM भजनलाल करेंगे उद्घाटन, रवीना टंडन और मैथिली ठाकुर होंगी शामिल

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और मां पन्नाधाय जयंती के विशेष उपलक्ष्य में राजधानी जयपुर में नारी सम्मान, सुरक्षा और उद्यमिता को समर्पित दो दिवसीय महाआयोजन “शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन” होने जा रहा है। सेवायाम् संस्था के तत्वावधान और नगर निगम जयपुर ग्रेटर की निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर के संयोजन में यह ऐतिहासिक कार्यक्रम 8 और 9 मार्च को शिल्प ग्राम, जवाहर कला केंद्र में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति के विविध आयामों—आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीक और संस्कृति—को एक मंच पर लाकर समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देना है।

CM भजनलाल करेंगे उद्घाटन, 500 महिलाएं लेंगी शस्त्र प्रशिक्षण

डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि 8 मार्च को इस महाआयोजन का भव्य शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस अवसर पर त्याग और बलिदान की प्रतिमूर्ति ‘मां पन्नाधाय’ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। उद्घाटन से पूर्व सुबह 9 बजे से एक विशाल आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा, जिसमें 500 से अधिक महिलाएं और बालिकाएं पारंपरिक शस्त्र प्रशिक्षण (तलवारबाजी) का अभ्यास करेंगी। इस सत्र का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, साहस और संकट की स्थिति में आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है।

टॉक शो में जुटेंगी नामचीन हस्तियां: रवीना टंडन, ईशा कोप्पिकर और मैथिली ठाकुर

आयोजन में संस्कृति, समाज और समकालीन विषयों पर संवाद के लिए विशेष सत्र और टॉक शो आयोजित होंगे। इन सत्रों में बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन, अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर और विधायक व मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर जैसी हस्तियां शिरकत करेंगी। ये प्रबुद्धजन ‘जेन-जी का विकसित भारत’, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर वूमन’, ‘उद्यमिता में नारी शक्ति’ और ‘स्वस्थ नारी – समृद्ध समाज’ जैसे ज्वलंत विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। समापन सत्र को राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका वंदनीया सीता ताई “शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन” विषय पर संबोधित करेंगी।

‘शक्ति कवच’ अभियान: 1000 बालिकाओं को लगेगा फ्री HPV टीका

इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण और सामाजिक सरोकार से जुड़ा आयाम “शक्ति कवच” अभियान होगा। इसके तहत सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 9 से 14 वर्ष की करीब 1000 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ विजन से प्रेरित इस पहल के लिए पंजीकरण पूरे हो चुके हैं। गौरतलब है कि सेवायाम संस्था द्वारा पिछले दो वर्षों में हजारों बालिकाओं और महिलाओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जा चुका है।

महिला उद्यमिता को उड़ान: लगेंगी 300 से अधिक निःशुल्क स्टॉल

महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए आयोजन स्थल (शिल्प ग्राम) पर 300 से अधिक निःशुल्क स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल्स पर प्रदेशभर से आई महिला उद्यमी अपने उत्पाद, हस्तशिल्प, स्टार्टअप और नवाचार का प्रदर्शन करेंगी। यह महाआयोजन न केवल जयपुरवासियों बल्कि पूरे प्रदेश की महिलाओं के लिए प्रेरणा, सहभागिता और उद्यमशीलता का एक बेहतरीन मंच साबित होगा।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर!

Share This Article