जयपुर सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: ई-मेल मिलते ही पुलिस ने खाली कराया परिसर, सर्च ऑपरेशन जारी

Desk

राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित सेशन कोर्ट परिसर में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन मोड में आ गईं।

तत्काल कराया गया परिसर खाली

धमकी भरा मेल आज दोपहर में प्राप्त हुआ था। कोर्ट प्रशासन ने बिना देरी किए इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुँचा और पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। वकीलों, कर्मचारियों और परिवादियों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी गई।

सर्च ऑपरेशन में नहीं मिला कुछ संदिग्ध

मौके पर पहुँचे बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद परिसर में किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

पुलिस का बयान: “हमें कोर्ट के ईमेल पर धमकी की सूचना मिली थी। प्रोटोकॉल के तहत तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है। मेल भेजने वाले की लोकेशन और पहचान के लिए साइबर टीम काम कर रही है।”

बता दें कि जयपुर में पिछले कुछ समय में सार्वजनिक स्थानों और महत्वपूर्ण संस्थानों को इस तरह की ई-मेल धमकियाँ मिलने के मामले बढ़े हैं। पुलिस अब इस फर्जी मेल (Hoax call/mail) भेजने वाले शरारती तत्वों की तलाश में जुटी है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article