भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस की राजनीति और कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि लोकतंत्र में विरोध जायज है, लेकिन राजनीतिक मर्यादा और अनुशासन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए विद्रोह की बातें करना उनकी मानसिक हताशा को दर्शाता है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास तर्कों का अभाव है, इसीलिए वह अमर्यादित शब्दावली और वोट चोरी जैसे भ्रामक मुद्दों का सहारा ले रही है।
उन्होंने सोनिया गांधी के नागरिकता मामले का जिक्र करते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा और कहा कि असली वोट चोरी तो वही थी। मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे पर राठौड़ ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस केवल हल्ला मचाकर भ्रम फैला रही है, जबकि तथ्यों के सामने आने पर सच्चाई खुद ब खुद स्पष्ट हो जाएगी।
राठौड़ ने जोर देकर कहा कि राजनीतिक दलों को आत्ममंथन करना चाहिए। सत्ता जनसेवा, जनता का विश्वास जीतने और जनादेश से मिलती है, न कि विद्रोह और अराजकता फैलाने से। कांग्रेस इस समय सत्ता के बिना छटपटा रही है और इसीलिए देश में वैमनस्य पैदा करने वाले रास्ते अपना रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक शुचिता और जनसेवा के मार्ग पर चलने की नसीहत दी। जनता नेताओं के हर आचरण का आकलन कर रही है और वक्त आने पर अमर्यादित आचरण करने वालों को करारा जवाब देगी।
Madan Rathore, BJP Rajasthan President, Congress Anarchy, PM Narendra Modi, Mallikarjun Kharge, Sonia Gandhi Citizenship, Voter List Controversy, Rajasthan Politics, Political Decorum, Breaking News India