ACB की जयपुर-झुंझुनूं में बड़ी रेड: ₹33 लाख की घूस लेते PWD का XEN और दलाल गिरफ्तार

Desk

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार रात जयपुर और झुंझुनूं में एक साथ कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के एक अधिशाषी अभियंता (XEN) और एक दलाल को 33 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह घूस झुंझुनूं में एक स्टेट हाईवे के रोड अलाइनमेंट में बदलाव करने और एक खातेदार की जमीन को सड़क से बाहर निकालने के एवज में मांगी गई थी।

दो शहरों में एक साथ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

एसीबी की टीम ने शुक्रवार रात करीब 8 बजे इस कार्रवाई को अंजाम दिया:

  • जयपुर में गिरफ्तारी: एसीबी ने जयपुर की चौमूं पुलिया के पास से दलाल याकूब अली को 33 लाख रुपये की नकदी के साथ रंगे हाथों दबोचा।
  • झुंझुनूं में एक्शन: जयपुर में दलाल के पकड़े जाते ही झुंझुनूं में मौजूद दूसरी टीम ने PWD के एक्सईएन राकेश कुमार को चिड़ावा स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया। आरोप है कि रिश्वत की यह मोटी रकम दलाल याकूब, इंजीनियर राकेश कुमार तक पहुँचाने वाला था।

क्या था पूरा मामला?

एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत के अनुसार, झुंझुनूं के बग्गड़ से स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए एक नई सड़क निकाली जा रही है। इस रोड अलाइनमेंट का जिम्मा ‘झुंझुनूं इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी को दिया गया था।

शिकायतकर्ता की खातेदारी जमीन इस प्रस्तावित रोड में आ रही थी। दलाल याकूब और एक्सईएन राकेश कुमार ने इस जमीन को रिअलाइनमेंट के जरिए बाहर निकालने का झांसा देकर रिश्वत की मांग की थी। याकूब अली गजट नोटिफिकेशन में अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में शामिल है और वह किटाणा (झुंझुनूं) का निवासी है।

‘इंडिकेटर’ जला और दलाल फंसा: फिल्मी अंदाज में ट्रैप

एसीबी ने दलाल को पकड़ने के लिए पुख्ता जाल बिछाया था:

शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर चौमूं पुलिया पहुँचा, जहाँ दलाल याकूब उसकी गाड़ी में बैठ गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 33 लाख रुपये याकूब को थमाए, उसने एसीबी के निर्देशानुसार कार का ‘इंडिकेटर’ जलाकर इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही घात लगाकर बैठी एसीबी टीम ने दलाल को नकदी समेत दबोच लिया।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article