राजस्थान में 76 नई नगरपालिकाओं का गठन: 15 साल का सबसे बड़ा विस्तार, 684 नए पद मंजूर; जयपुर-झुंझुनूं में सबसे ज्यादा 7-7 निकाय

Desk

जयपुर |राजस्थान में तेजी से बढ़ रहे कस्बों और शहरी क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार देने के लिए भजनलाल सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। राज्य सरकार ने प्रदेश में 76 नई नगरपालिकाओं के गठन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस बड़े फैसले के बाद मरुधरा में नगरीय निकायों की कुल संख्या 309 से बढ़कर अब 385 हो गई है। नवगठित नगरपालिकाओं के प्रशासनिक संचालन को मजबूत बनाने के लिए स्वायत्त शासन विभाग में 684 नए पदों के सृजन को भी हरी झंडी मिल गई है। गौरतलब है कि स्वायत्त शासन विभाग में पिछले तीन सालों में पहली बार किसी नई भर्ती को मंजूरी मिली है, जबकि इतनी बड़ी संख्या में नए पदों का सृजन पिछले 15 सालों में पहली बार हुआ है।

सरकार के इस फैसले में सबसे ज्यादा मेहरबानी जयपुर और झुंझुनूं जिलों पर हुई है, जहां सर्वाधिक 7-7 नई नगरपालिकाएं बनाई गई हैं। इसे मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्थानीय शहरी निकायों के विस्तार का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस नीतिगत बदलाव से कस्बों में सड़क, नाली, रोशनी और सफाई जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और सुनियोजित शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही प्रशासनिक ढांचा खड़ा होने से स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए सरकारी और गैर-सरकारी रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे।

हर नगरपालिका में स्वीकृत हुए ये 9 महत्वपूर्ण पद

स्वायत्त शासन विभाग ने प्रशासनिक और वित्तीय सुगमता के लिए प्रत्येक नवगठित नगरपालिका में 9 सरकारी पद स्वीकृत किए हैं, जिन पर जल्द ही सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन पदों में शामिल हैं:

  • अधिशासी अधिकारी – चतुर्थ (EO-IV) – 1 पद
  • सहायक राजस्व निरीक्षक – 1 पद
  • कनिष्ठ अभियंता – सिविल (JEN) – 1 पद
  • कनिष्ठ लेखाकार (Junior Accountant) – 1 पद
  • ठोस कचरा प्रबंधक / स्वास्थ्य निरीक्षक – 1 पद
  • वरिष्ठ प्रारूपकार (Senior Draughtsman) – 1 पद
  • वरिष्ठ सहायक – 1 पद
  • कनिष्ठ सहायक (LDC) – 2 पद

इन 684 नई नियुक्तियों के साथ ही सरकार ने कड़ा प्रशासनिक सुधार करते हुए पहले से गठित 6 नगरपालिकाओं में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, चौकीदार, सफाई जमादार और सफाई कर्मचारियों के काम ‘आउटसोर्सिंग’ (ठेके) के माध्यम से कराने की पूर्व स्वीकृति को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। इन छह निकायों के लिए पहले से स्वीकृत 54 आउटसोर्सिंग पदों की व्यवस्था हमेशा के लिए समाप्त कर दी गई है।

- Advertisement -

जिलेवार नवगठित नगरपालिकाओं की पूरी सूची (District-wise List)

  • जयपुर (7 निकाय): वाटिका, जमवारामगढ़, फागी, दूदू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा।
  • झुंझुनूं (7 निकाय): सिंघाना, डूंडलोद, जाखल, सुलताना, बुहाना, मलसीसर और मण्ड्रेला।
  • दौसा (4 निकाय): रामगढ़-पचवारा, बसवा, लवाण और भांडारेज।
  • अलवर (4 निकाय): मुंडावर, कठूमर, मालाखेड़ा और नौगांव।
  • टोंक (4 निकाय): दूनी, लाम्बाहरिसिंह, डिग्गी और पीपलू।
  • बाड़मेर (4 निकाय): जसोल, चौहटन, गुड़ामालानी और धोरीमन्ना।
  • जोधपुर (3 निकाय): मथानिया, तिवरी और बाप।
  • अजमेर (3 निकाय): सावर, टांटोटी और पीसांगन।
  • भीलवाड़ा (3 निकाय): बनेड़ा, बीगोद और बिजौलिया।
  • झालावाड़ (3 निकाय): मनोहर थाना, डग और खानपुर।
  • बालोतरा (2 निकाय): सिणधरी और समदड़ी।
  • कोटपूतली-बहरोड़ (2 निकाय): नारायणपुर और मांढण।
  • सीकर (2 निकाय): पलसाना और धोद।
  • सवाई माधोपुर (2 निकाय): वजीरपुर और खंडार।
  • बूंदी (2 निकाय): देई और हिण्डोली।
  • ब्यावर (2 निकाय): रायपुर और मसूदा।
  • जालौर (2 निकाय): आहोर और सायला।
  • नागौर (2 निकाय): मेड़तारोड और रियांबड़ी।
  • बीकानेर (2 निकाय): लूणकरनसर और नापासर।
  • धौलपुर (2 निकाय): मनिया और सेपऊ।
  • करौली (2 निकाय): सूरीठ और मण्डरायल।

इनके अलावा डीग में पहाड़ी, उदयपुर में वल्लभनगर, हनुमानगढ़ में गोलूवाला, राजसमंद में भीम, श्रीगंगानगर में घड़साना, डीडवाना-कुचामन में खाटू खुर्द, कोटा में सुकेत, बारां में सीसवाली, पाली में सोजत रोड, चूरू में साहवा, प्रतापगढ़ में अरनोद और सिरोही जिले में मंडार को नई नगरपालिका का दर्जा प्रदान किया गया है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article