जयपुर वालों के लिए अलर्ट: 29 और 30 मार्च को नहीं आएगा बीसलपुर का पानी, जानें शटडाउन शेड्यूल

Jaipur Water Supply Latest News: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित बीसलपुर–जयपुर पेयजल परियोजना के अंतर्गत आवश्यक नियमित मरम्मत कार्य किए जाने के कारण जयपुर शहर की पेयजल आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगी। आगामी ग्रीष्मकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए भविष्य में निर्बाध एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा यह कदम उठाया गया है।

सूरजपुरा पम्पिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई रहेगी बंद

अतिरिक्त मुख्य अभियंता (क्षेत्र द्वितीय), जयपुर, अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि 28 मार्च 2026 (शनिवार) को सूरजपुरा पम्पिंग स्टेशन से जयपुर शहर के लिए पेयजल पम्पिंग रात 08:00 बजे से 29 मार्च 2026 (रविवार) रात 08:00 बजे तक पूर्णतः बंद रहेगी। इस निर्धारित कार्य के चलते जयपुर शहर की सम्पूर्ण जल वितरण व्यवस्था प्रभावित रहेगी।

जलापूर्ति का निर्धारित कार्यक्रम

विभागीय जानकारी के अनुसार, पानी की सप्लाई बंद रहने के कारण 29 मार्च (रविवार) को जयपुर शहर की सम्पूर्ण जलापूर्ति बाधित रहेगी। 30 मार्च (सोमवार) की सुबह भी जलापूर्ति पूर्णतः बाधित रहेगी, जबकि सोमवार शाम को यह आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। मरम्मत कार्य पूरा होने के पश्चात 31 मार्च (मंगलवार) से शहर में पानी की आपूर्ति पुनः सामान्य रूप से सुचारू हो जाएगी।

आमजन से जल संग्रहण की अपील

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस निर्धारित अवधि को ध्यान में रखते हुए पहले से ही पर्याप्त मात्रा में पेयजल का संग्रहण कर लें। इसके साथ ही, विभाग ने नागरिकों से जल का विवेकपूर्ण एवं संयमित उपयोग करने में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article