Kota Nagar Nigam: कोटा नगर निगम चुनावों में मेयर पद को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड 98 से नवनिर्वाचित पार्षद अनुसुइया गोस्वामी को अपना महापौर प्रत्याशी घोषित किया है। अनुसुइया पहली बार ही पार्षद का चुनाव जीती हैं और उन्हें सीधा मेयर पद की कमान सौंपने की तैयारी है। वे इससे पहले भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष जैसी अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। राजनीतिक गलियारों में उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कोर ग्रुप का अहम हिस्सा माना जाता है।
कोटा के कुल 100 वार्डों में से भाजपा के पास 57 पार्षद हैं, जिससे पार्टी को अपना मेयर बनाने में कोई परेशानी नहीं होगी। हालांकि, इसके बावजूद भाजपा कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है। पार्टी ने अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को चित्तौड़गढ़ के एक होटल में बाड़ेबंदी के तहत रखा है। शनिवार सुबह सभी पार्षदों को सांवरिया सेठ के दर्शन करवाए गए, जिसके बाद होटल में ही कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी और शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन की मौजूदगी में अनुसुइया के नाम का प्रस्ताव रखा गया। सभी पार्षदों ने हाथ खड़े कर इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया।
वहीं दूसरी ओर, बहुमत न होने के बावजूद कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित करने में फुर्ती दिखाई है। पार्टी ने अपनी रणनीति साफ करते हुए कोटा उत्तर के वार्ड 17 से पार्षद सुनीता कुमारी सुमन को महापौर का प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम के अनुसार पार्टी ने सोशल इंजीनियरिंग का ध्यान रखते हुए माली समाज से आने वाली सुनीता पर दांव खेला है। फिलहाल भाजपा के सभी पार्षद उप महापौर के चुनाव तक चित्तौड़गढ़ की बाड़ेबंदी में ही रहेंगे।
Kota Mayor Election 2026, Anusuya Goswami, Sunita Suman, Om Birla, Kota Nagar Nigam, BJP Mayor Candidate Kota, Congress Mayor Candidate, Kota Politics, Chittorgarh Resort Politics, Rajasthan Municipal Elections
