IPL इतिहास का सबसे बड़ा खेला: 15 हजार करोड़ में बिकी Rajasthan Royals, जानें कौन है नया Owner?

3 Min Read

Rajasthan Royals New Owner: IPL 2026 के शुरू होने से पहले क्रिकेट जगत से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। टूर्नामेंट के पहले सीजन की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स अब तक की सबसे महंगी IPL फ्रेंचाइजी बन गई है। भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी (Kal Somani) और उनके कॉन्सोर्टियम ने 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,289 करोड़ रुपए) की रिकॉर्ड बोली लगाकर इस टीम का मालिकाना हक हासिल कर लिया है। इस बड़ी डील के साथ ही यह टीम 1 बिलियन डॉलर के आंकड़े को पार करने वाली पहली IPL टीम बन गई है।

आदित्य बिरला और टाइम्स ग्रुप जैसी कंपनियां रेस में छूटीं पीछे

टीम को खरीदने की इस रेस में काल सोमानी अकेले नहीं थे। राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए भारत और दुनिया के कई बड़े कॉर्पोरेट घराने मैदान में थे। इस बिडिंग वॉर में आदित्य बिरला ग्रुप (Aditya Birla Group) और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप (Times of India Group) जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल थीं। लेकिन काल सोमानी के विजन और उनके साथ जुड़े मजबूत ग्लोबल इन्वेस्टर्स के चलते बाजी उनके हाथ लगी और अन्य सभी दावेदार पीछे छूट गए।

18 सालों में 24 गुना बढ़ी फ्रेंचाइजी की कीमत

साल 2008 में जब IPL की शुरुआत हुई थी, तब राजस्थान रॉयल्स सबसे कम कीमत वाली टीम थी। उस समय इस फ्रेंचाइजी को सिर्फ 67 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था। अब 18 साल बाद इसकी वैल्यू 1.63 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जो कि इसकी मूल कीमत का लगभग 24 गुना है। यह जबरदस्त उछाल दर्शाता है कि एक ग्लोबल स्पोर्ट्स ब्रांड के रूप में IPL की साख और व्यापारिक मूल्य कितनी तेजी से बढ़ा है।

काल सोमानी का टीम से है पुराना नाता

काल सोमानी के लिए राजस्थान रॉयल्स कोई नया नाम नहीं है। वे साल 2021 से ही इस फ्रेंचाइजी में एक इन्वेस्टर के तौर पर जुड़े हुए थे और अब वे इसके मुख्य मालिक बन गए हैं। उनके इस इन्वेस्टमेंट ग्रुप में वालमार्ट के वारिस रॉब वाल्टन और फोर्ड मोटर्स से ताल्लुक रखने वाली शीला फोर्ड हैम्प जैसे वैश्विक दिग्गज भी शामिल हैं। BCCI से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद मौजूदा सीजन के समाप्त होने पर मालिकाना हक पूरी तरह से ट्रांसफर हो जाएगा।

- Advertisement -

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article