जोधपुर: RSS के ‘मरु निनाद’ शिविर का समापन, डॉ. मोहन भागवत बोले- देश का अपना रण संगीत होना चाहिए

5 Min Read

जोधपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चार दिवसीय प्रांत घोष शिविर ‘मरु निनाद 2026’ का रविवार (15 नवंबर) को लूणी शिकारपुरा के राजाराम आश्रम के विशाल परिसर में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर हजारों स्वयंसेवक घोषवादकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। समापन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने उपस्थित स्वयंसेवकों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए भारतीय संगीत, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया।

“देश का अपना रण संगीत होना चाहिए”

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि संगीत केवल महफिलों तक सीमित नहीं है, बल्कि रणभूमि (युद्ध के मैदान) में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, क्योंकि संगीत ही स्वाभिमान का भाव जगाता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में ‘रण संगीत’ की एक पुरानी और समृद्ध परंपरा रही है, जिसका वर्णन भगवत गीता में भी मिलता है, जहां प्रणव, पांचजन्य और शंखाश्चय जैसे नाम आते हैं।

डॉ. भागवत ने कहा कि आज संघ अनेक एकल गीतों, संगीत और घोष के माध्यम से संगीत का एक ‘घराना’ बन गया है। अब भारतीय संगीत में रण संगीत भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ के संगीतकार कोई व्यावसायिक संगीतकार नहीं हैं, बल्कि यह एक ऐसी कला है जिसमें भारतीय जीवन पद्धति, संस्कार और जीवन मूल्य समाहित हैं। सुंदर गीतों के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक वातावरण और भाव पैदा होता है।

“संघ में व्यक्तिगत नहीं, सामूहिक वादन होता है”

सरसंघचालक ने संघ की कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो घोष वादन प्रस्तुत किया गया, उसके पीछे गहरे संस्कार और अनुशासन छिपे हैं। संघ में कभी व्यक्तिगत वादन नहीं होता, बल्कि सभी मिलकर बजाते हैं। ऐसे सामूहिक वादन से सबके मन आपस में मिल जाते हैं। एक स्थान पर एकत्रित होना, साथ रहना और मिलकर समाज के लिए कुछ श्रेष्ठ करना ही संघ की असली पद्धति है। उन्होंने यह भी कहा कि संगीत के अच्छे समीक्षक उसके विशेषज्ञ नहीं, बल्कि श्रोता होते हैं।

- Advertisement -

संस्कार और नशामुक्ति पर जोर

डॉ. भागवत ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा कि जो व्यक्ति सभी प्रकार के नशों से दूर रहता है, वही जीवन में प्रसन्न रहता है। संघ का स्पष्ट मानना है कि एक संस्कारवान व्यक्ति ही देश के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर सकता है और जो दूसरों के सुख-दुख में काम आता है, वही समाज को जोड़ने का काम करता है।

सैन्य टुकड़ी जैसा था घोष वादन: मेजर जनरल राठौड़

समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद हजारों प्रशिक्षित स्वयंसेवक घोषवादकों ने अलग-अलग समूहों में शानदार घोष वादन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद मेजर जनरल अर्जुन सिंह राठौड़ ने घोषवादकों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों के इस निस्वार्थ घोष संगीत से पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने इस प्रदर्शन को किसी पूर्ण प्रशिक्षित ‘सैन्य टुकड़ी’ के घोषवादन के समान बताया।

वहीं, एक अन्य विशिष्ट अतिथि महेशा राम मेघवाल ने अपने संबोधन में सभी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। जोधपुर के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया। अंत में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने सभी को लोक आस्था के पर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए शिविर के समापन की घोषणा की।

कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति: इस भव्य समापन समारोह में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र, अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जगदीश चंद्र, सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक, सीमा जागरण के संयोजक मुरलीधर, सह संयोजक निंब सिंह, लघु उद्योग के संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, ‘सक्षम’ के राष्ट्रीय सचिव चंद्रशेखर और पर्यावरण गतिविधि के गोपाल आर्य सहित संघ के क्षेत्र व प्रांत स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article