उदयपुर। शहर के हरिदासजी की मगरी स्थित सेवा भारती परिसर में प्राकृतिक आरोग्य केंद्र का शुभारम्भ और सेवा भारती की वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य भय्याजी जोशी ने इस केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से आमजन को विभिन्न प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ एक ही छत के नीचे मिल सकेगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भय्याजी जोशी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति रोगों के मूल निदान पर कार्य करती है। वर्तमान समय में इसे केवल एक वैकल्पिक (ऑल्टरनेटिव) चिकित्सा पद्धति मानने के बजाय मुख्यधारा की समानान्तर चिकित्सा पद्धति के रूप में स्वीकार किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने देश के विभिन्न जलवायु क्षेत्रों के अनुसार स्वास्थ्य पर चिंतन और कार्य करने वाले संगठनों की आवश्यकता पर भी विशेष रूप से बल दिया।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में पेसिफिक मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल और धरोहर चेरिटेबल फाउंडेशन के निदेशक संजय सिंघल उपस्थित रहे। नवनिर्मित सेवा भारती प्राकृतिक आरोग्य केंद्र पर लोगों के स्वास्थ्य लाभ के लिए योग, प्राणायाम, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर, स्पाइनल बाथ और फिजियोथेरेपी सहित कई प्राकृतिक उपचार सुविधाएं और स्वास्थ्य परामर्श सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी।
Tags
Sewa Bharati Udaipur, Prakritik Arogya Kendra, Bhaiyyaji Joshi, Premchand Bairwa, Deputy CM Rajasthan, RSS, Rahul Agarwal, Sanjay Singhal, Naturopathy Center Udaipur, Rajasthan News.