Rajasthan School Summer Vacation: राजस्थान में स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में 10 दिन की कटौती को लेकर शिक्षकों में भारी रोष है । राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि साल 2026 का ग्रीष्मावकाश पहले की तरह 17 मई से 30 जून तक ही रखा जाए । सरकार द्वारा छुट्टियां कम करके 21 जून से स्कूल खोलने के संभावित फैसले पर शिक्षकों ने साफ कर दिया है कि उन्हें ग्रीष्मावकाश में 10 दिन की कटौती बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है ।
भीषण गर्मी से बच्चों के स्वास्थ्य को खतरा
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रनजीत मीणा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रभान चौधरी ने अपने पत्र में बताया है कि राजस्थान एक बड़ा प्रदेश है और यहां की भौगोलिक परिस्थितियां काफी विषम हैं । राज्य में जून का महीना सबसे अधिक गर्म रहता है । ऐसे में यदि 21 जून से विद्यालय खुलते हैं, तो भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की पूरी संभावना है ।
परंपरा के अनुसार 30 जून तक रहे अवकाश
शिक्षक संघ का कहना है कि प्रदेश में ग्रीष्मावकाश की परंपरा हमेशा से 17 मई से 30 जून तक रखने की रही है । संगठन के अनुसार, प्रदेश के सैकड़ों शिक्षकों ने पत्र भेजकर अवगत कराया है कि सरकार से 30 जून तक ग्रीष्म अवकाश रखने की मांग की जाए । इसलिए संगठन ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि बच्चों की सेहत और शिक्षकों की मांग को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्म अवकाश 30 जून तक कर अनुग्रहीत करें । इस पत्र की प्रतिलिपि शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और निदेशक (प्रारंभिक/माध्यमिक शिक्षा) बीकानेर को भी भेजी गई है ।
