वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘अर्थ ऑवर’ (Earth Hour) को लेकर राजस्थान सरकार के बिजली विभाग ने कमर कस ली है। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (RVPNL) ने एक आधिकारिक परिपत्र जारी कर आगामी 28 मार्च को प्रदेश के सभी निगम भवनों में अनावश्यक लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
रात 8:30 से 9:30 बजे तक रहेगा ‘अर्थ ऑवर’
RVPNL की सचिव (प्रशासन) अलका मीणा द्वारा जारी परिपत्र (क्रमांक 728, दिनांक 23/03/2026) के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए ‘अर्थ ऑवर’ मार्च माह के अंतिम शनिवार, यानी 28 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। आदेश के तहत शनिवार रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए निगम के समस्त कार्य क्षेत्रों और भवनों की उन सभी लाइटों को बंद रखा जाएगा जिनकी उस समय आवश्यकता नहीं है।
इन विभागों को जारी हुए निर्देश
निगम ने इस पहल को प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान के सभी प्रमुख बिजली अधिकारियों को सूचित किया है, जिनमें शामिल हैं:
- सचिव (प्रशासन), जयपुर/अजमेर/जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड।
- सभी मुख्य अभियंता (सिविल/आईटी/एम.पी.टी. एण्ड एस.)।
- जोनल मुख्य अभियंता (टी. एण्ड सी.), जयपुर/अजमेर/जोधपुर।
- तकनीकी सहायक और निजी सचिव, विद्युत भवन जयपुर।
ऊर्जा संरक्षण है मुख्य उद्देश्य
परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि ऊर्जा संरक्षण के वैश्विक उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रतिवर्ष मार्च के अंतिम शनिवार को बिजली बंद रख कर ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाता है। इसका उद्देश्य न केवल बिजली की बचत करना है, बल्कि आम जनता को भी सीमित संसाधनों के समझदारी से उपयोग के लिए प्रेरित करना है। विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में इस आदेश की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करें।
