रामगंजमंडी। कोटा ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन क्रिमिनल डिस्ट्रॉय के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह नकली शादी कराकर युवकों से लाखों रुपये ठगने का काम करता था।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में रामगंजमंडी थाना पुलिस ने की।पुलिस के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड दलालों के माध्यम से शादी के इच्छुक युवकों से संपर्क करता था।
इसके बाद युवतियों को दुल्हन बनाकर 1 से 2 लाख रुपये लेकर शादी करवाई जाती थी। शादी के कुछ दिनों बाद दुल्हन बीमारी या अन्य बहाना बनाकर घर छोड़ देती थी और फिर वापस नहीं लौटती थी।
ठगी की रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।पुलिस ने 13 व 16 जुलाई को दर्ज दो अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान गिरोह का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान और बिहार के रहने वाले 8 सदस्य शामिल हैं।
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।