रामगंजमंडी वृताधिकारी (डीएसपी) घनश्याम मीणा ने चेचट थाना क्षेत्र में हुए एक चर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए चार माह से फरार चल रही महिला आरोपी गीता बंजारा को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी घनश्याम मीणा के नेतृत्व में किए गए गहन अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर की पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ है।
जंगल में शराब पीने के बाद हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कमलेश मीणा और आरोपी महिला के बीच पिछले करीब 10 वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे। घटना वाले दिन दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर सालेड़ा कला के जंगल में पहुंचे थे। वहां शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी महिला ने कथित रूप से कमलेश का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गई।

तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी घनश्याम मीणा ने तकनीकी अनुसंधान का सहारा लिया। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से घटनास्थल पर आरोपी महिला की मौजूदगी पूरी तरह प्रमाणित हो गई। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिला अब मृतक से दूरी बनाना चाहती थी, क्योंकि उसके बेटे-बहू घर आ चुके थे और मृतक का लगातार घर आना-जाना बना हुआ था। इसी बात के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।