मेडिकल रिपोर्ट के बदले घूस: फलोदी में 7 हजार की रिश्वत लेते डॉक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार

फलोदी/जोधपुर: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने फलोदी जिला अस्पताल के एक चिकित्सा अधिकारी को रिश्वत लेते हुए दबोचा है । आरोपी डॉक्टर ने एक मारपीट के मामले में परिवादी के पक्ष में मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के लिए रिश्वत की मांग की थी ।

पक्ष में रिपोर्ट बनाने के लिए मांगी थी 10 हजार की रिश्वत

परिवादी पिंटू थानवी ने फलोदी थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज करवाया था । इस मामले में उसकी और उसके दोस्त की चोटों की मेडिकल रिपोर्ट जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार गौड़ को तैयार करनी थी । आरोप है कि डॉ. गौड़ ने रिपोर्ट को परिवादी के पक्ष में बनाने के बदले 10 हजार की घूस मांगी

किस्तों में वसूली और ACB का जाल

सत्यापन के दौरान सामने आया कि डॉक्टर ने 4 हजार की राशि पहले ही ले ली थी और शेष 7 हजार के लिए दबाव बना रहा था । परिवादी की शिकायत पर एसीबी जोधपुर ग्रामीण की टीम ने 13 मार्च 2026 को जाल बिछाया । योजना के मुताबिक, परिवादी 7 हजार लेकर डॉक्टर के फलोदी स्थित रेलवे स्टेशन के सामने वाले निजी आवास पर पहुँचा

स्टूल पर फेंके पैसे, रसायनिक टेस्ट में खुले राज

जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि डॉक्टर को दी, एसीबी टीम ने दबिश दे दी । टीम को देख डॉक्टर ने रिश्वत के नोट अपने लोअर की जेब से निकालकर पास रखे एक प्लास्टिक स्टूल पर फेंक दिए । हालांकि, रसायनिक परीक्षण (Sodium Carbonate) करने पर डॉक्टर के हाथ, लोअर की जेब और स्टूल का धोवण गुलाबी पाया गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई

आरोपी गिरफ्तार, जांच शुरू

एसीबी ने मौके से 7 हजार बरामद कर डॉ. जितेंद्र कुमार गौड़ को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत गिरफ्तार कर लिया है । मामले की अग्रिम जांच एसीबी के उप अधीक्षक गोरधन राम को सौंपी गई है

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article