राजस्थान भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा: प्रश्नपत्र बाहर ले जाते रंगे हाथों पकड़े गए शिक्षक, FIR दर्ज

Madhu Manjhi

जैसलमेर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की कनिष्ठ सहायक (LDC) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 में नकल का एक गंभीर मामला सामने आया है। जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर हुई कथित धांधली को लेकर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में FIR दर्ज की गई है। इस मामले में केंद्राधीक्षक और शिक्षकों सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है।

9 मिनट की गायब फुटेज है जांच का मुख्य केंद्र

मामले की जांच कर रही एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी पहेली 3:39 बजे से 3:48 बजे तक की गायब CCTV रिकॉर्डिंग है। FIR के अनुसार, दोपहर 3:36 बजे रिलीवर पदम सिंह ने अभ्यर्थी मनु कंवर का प्रश्नपत्र उठाया और उसे कक्ष से बाहर ले गए। 3:39 बजे तक वह अभ्यर्थी बिना प्रश्नपत्र के बैठी दिखाई दी, लेकिन उसके बाद के 9 मिनट का फुटेज गायब है। जब 3:48 बजे फुटेज दोबारा शुरू हुआ, तो प्रश्नपत्र मेज पर वापस रखा हुआ मिला। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह तकनीकी खराबी है या जानबूझकर की गई छेड़छाड़।

परीक्षार्थियों ने बयां किया सच

जांच समिति के समक्ष कई परीक्षार्थियों ने घटना की पुष्टि की है। अभ्यर्थी तरुणा खत्री, देदाराम, योगेन्द्र सिंह और सत्यनारायण ने अपने बयानों में स्पष्ट कहा कि एक शिक्षक प्रश्नपत्र को फाइल में रखकर बाहर ले गए थे और करीब 5 से 10 मिनट बाद उसे वापस लाकर रखा गया। परीक्षार्थियों का आरोप है कि विरोध करने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इन पर दर्ज हुआ मुकदमा

प्राथमिक जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद, पुलिस ने राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2022 की धाराओं 3, 10(1), 10(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

- Advertisement -
  • नामजद आरोपी: अभ्यर्थी मनु कंवर, केंद्राधीक्षक उम्मेद सिंह राठौड़, रिलीवर पदम सिंह, तथा वीक्षक भीम सिंह और जालम सिंह।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article