मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को ‘राज उन्नति’ की चौथी उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश की 23,890 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट्स में हो रही देरी के लिए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि अब किसी भी विलंब के लिए संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इन 4 शहरों में बनेंगे ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भरतपुर-डीग, सीकर-झुंझुनूं, आबूरोड़ और बांसवाड़ा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की प्री-फिजिबिलिटी स्टडी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, बीकानेर के नाल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार से समन्वय कर समय सीमा में निविदा प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
नॉर्दन रिंगरोड और राजस्थान मंडपम पर फोकस
- नॉर्दन रिंगरोड: जयपुर की बहुप्रतीक्षित नॉर्दन रिंगरोड (अजमेर हाईवे बगरू से जयपुर-बांदीकुई स्पर तक) के लिए भूमि अवाप्ति और कार्यादेश की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
- राजस्थान मंडपम: दिल्ली के भारत मंडपम की तर्ज पर जयपुर के बी2 बायपास पर 90 एकड़ में बनने वाले ‘राजस्थान मंडपम’ को लेकर प्रभावी कार्ययोजना बनाने और इसकी कनेक्टिविटी बेहतर करने के निर्देश दिए।
लापरवाह अफसरों पर बड़ी कार्रवाई
बैठक के दौरान सीएम ने भ्रष्टाचार और कार्य में शिथिलता बरतने वालों पर सख्त एक्शन लिया:
- बालोतरा: पोषाहार वितरण में गलत भुगतान पर 16 CCA का नोटिस।
- डूंगरपुर: बीमा राशि भुगतान न होने पर CDPO को सस्पेंड करने के निर्देश।
- अजमेर: कृषि यंत्र सब्सिडी में गड़बड़ी पर दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश।
- बाड़मेर: कृषि आदान-अनुदान भुगतान में देरी पर कलेक्टर को जांच सौंपी।
अमृत 2.0 और राइजिंग राजस्थान
मुख्यमंत्री ने ‘अमृत 2.0’ के तहत पेयजल परियोजनाओं में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। साथ ही, ‘राइजिंग राजस्थान’ समिट के तहत हुए MOU की प्रगति और जयपुर में एकीकृत लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए।