राजस्थान की राजधानी जयपुर के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना के तहत मेंटीनेंस के लिए लिया गया 36 घंटे का शटडाउन जलदाय विभाग की टीम ने अपनी अद्भुत कार्यक्षमता से मात्र 18 घंटे में पूरा कर लिया है। विभाग के इंजीनियरों और तकनीकी स्टाफ ने रात-दिन एक कर न केवल लीकेज ठीक किए, बल्कि भीषण गर्मी से पहले पूरे सिस्टम को ‘अपडेट’ कर दिया है।
प्रेस नोट में थी 36 घंटे की घोषणा, ग्राउंड पर 18 में हुआ काम
अतिरिक्त मुख्य अभियंता (क्षेत्र द्वितीय) अजय सिंह राठौड़ द्वारा जारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 28 मार्च की रात से 29 मार्च की रात तक पंपिंग बंद रहनी थी। इसके चलते 30 मार्च (सोमवार) को शहर में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहने की आशंका थी।
लेकिन, जलदाय विभाग की टीम ने शनिवार रात 12 बजे से ही युद्धस्तर पर काम शुरू किया। टीम ने सूरजपुरा पंपहाउस से 26 किलोमीटर दूर मुख्य पाइपलाइन के ‘स्कॉर वाल्व’ के बड़े लीकेज को रविवार दोपहर 12 बजे तक ही दुरुस्त कर दिया। इसके साथ ही शहर के 50 से अधिक पॉइंट्स पर रिपेयरिंग का काम भी रविवार शाम 4 बजे तक पूरा कर लिया गया।
मिशन मोड में निपटाए गए ये प्रमुख कार्य:
- टैंकों की सफाई: अमानीशाह और बालविहार झोटवाड़ा के बड़े टैंकों की पूरी तरह सफाई की गई।
- वाल्व रिप्लेसमेंट: घाटगेट पर 700 MM का नया वाल्व रिकॉर्ड समय में इंस्टॉल किया गया।
- इलेक्ट्रिकल मेंटीनेंस: सूरजपुरा, बालावाला और जवाहर सर्किल पंप हाउसों में बिजली से जुड़े सभी तकनीकी कार्यों को गर्मी के सीजन के लिए तैयार किया गया।
अब क्या रहेगा सप्लाई का शेड्यूल?
जलदाय विभाग की ‘सुपर-स्पीड’ वर्किंग का सीधा लाभ जयपुर की जनता को सोमवार से मिलने लगेगा:
- पंपिंग शुरू: रविवार शाम 6 बजे से बीसलपुर सिस्टम में पानी की पम्पिंग शुरू कर दी गई है।
- सोमवार (30 मार्च): पूर्व घोषित कार्यक्रम के विपरीत, अब सोमवार को जलापूर्ति बाधित नहीं होगी।
- सुचारू सप्लाई: सोमवार दोपहर तक शहर के सभी इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य पटरी पर लौट आएगी।
