SSC GD भर्ती में हाईटेक नकल का भंडाफोड़! मॉडिफाइड स्क्रीन से सॉल्वर हल कर रहे थे पेपर

Desk

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) जीडी कांस्टेबल ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से सेंधमारी कर नकल कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) और अलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हाईटेक नकल गिरोह के एक वांछित आरोपी को अलवर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर मॉडिफाइड टीएफटी (TFT) स्क्रीन, वीजीए (VGA) कार्ड समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

कौन है आरोपी और कैसे हुई गिरफ्तारी?

अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश (पुत्र लालाराम, निवासी कृष्णा कॉलोनी, देसूला, थाना एमआईए, अलवर) के रूप में हुई है। यह आरोपी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के नॉलेज पार्क थाने में दर्ज SSC GD परीक्षा में हाईटेक नकल कराने के मामले में वांटेड चल रहा था। यूपी एसटीएफ के उपनिरीक्षक सचिन त्यागी के नेतृत्व में एक टीम अलवर पहुंची थी। अलवर सदर थाना पुलिस और एमआईए थाना पुलिस ने सूचना संकलन कर आरोपी को दस्तयाब किया और उसके घर से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद कर उसे यूपी एसटीएफ के सुपुर्द कर दिया।

कैसे चलता था हाईटेक नकल का खेल?

- Advertisement -

जांच एजेंसियों के अनुसार, 22 मई 2026 को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक परीक्षा केंद्र पर SSC GD ऑनलाइन भर्ती परीक्षा के दौरान इस तकनीकी फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। गिरोह परीक्षा केंद्रों में मॉडिफाइड टीएफटी (TFT) स्क्रीन और वीजीए (VGA) कार्ड का इस्तेमाल करता था। इन उपकरणों के जरिए परीक्षा केंद्र के बाहर बैठा ‘सॉल्वर’ सीधे अभ्यर्थी के कंप्यूटर स्क्रीन तक अपनी पहुंच (Access) बना लेता था और बाहर से ही प्रश्नों के उत्तर हल कर देता था।

लोकेश की अहम भूमिका

पूछताछ में सामने आया है कि परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन तैयार करने और नेटवर्क को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने में लोकेश की ही सबसे अहम भूमिका थी। 22 मई को भंडाफोड़ होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। अब यूपी एसटीएफ बरामद उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सफेदपोश चेहरों और मददगारों का भी पर्दाफाश हो सकेगा।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article