जयपुर: राजस्थान सरकार के चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग द्वारा प्रदेश के चार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के नामकरण को लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। मंत्रिमंडल सचिवालय द्वारा गठित मंत्रिमंडलीय समिति की गत 21 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रम में, राजमेस (RUDSAK) के अधीन संचालित इन मेडिकल कॉलेजों के नए नाम निर्धारित किए गए हैं। संयुक्त शासन सचिव डॉ. ज्योति चौहान द्वारा ये आदेश जारी किए गए हैं।
किन महाविद्यालयों के क्या रखे गए हैं नए नाम?

राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद चार प्रमुख जिलों के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की नई पहचान तय हो गई है:
- हनुमानगढ़: राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हनुमानगढ़ का नाम बदलकर “बलिदानी योद्धा मेजर विकास भांभू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हनुमानगढ़” कर दिया गया है।
- श्रीगंगानगर: राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, श्रीगंगानगर का नाम अब “महाराजा गंगासिंह राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, श्रीगंगानगर” होगा।
- पाली: राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, पाली का नाम “महाराणा प्रताप राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, पाली” रखा गया है।
- अलवर: राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अलवर का नाम बदलकर “भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अलवर” कर दिया गया है।
राज्य सरकार के इस कदम से इन चिकित्सा संस्थानों को स्थानीय नायकों, महान विभूतियों और राष्ट्र निर्माताओं के नाम से एक नई प्रेरणा और राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान मिलेगी।