जयपुर| राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने संगठित अपराध के खिलाफ अपने अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एजीटीएफ ने पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जीशान अख्तर के करीबी गुर्गे चन्द्रप्रकाश शर्मा उर्फ चन्दू शर्मा को दौसा जिले के बांदीकुई से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले काफी समय से पंजाब में रंगदारी और फायरिंग के मामले में फरार चल रहा था।
विदेश से ऑपरेट हो रहे नेटवर्क का हिस्सा
एडीजी (एजीटीएफ) दिनेश एम.एन. ने बताया कि आरोपी चन्द्रप्रकाश हाल ही में जीशान अख्तर गिरोह से जुड़ा था, जो वर्तमान में विदेश में बैठकर भारत में अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है। जांच में सामने आया कि 18 जनवरी 2026 को पंजाब के नकोदर में ‘बक्शी ट्रेवल्स’ के कार्यालय पर रंगदारी के लिए की गई फायरिंग में चन्दू शर्मा मुख्य रूप से शामिल था।
महीने भर की ‘हंटिंग’ और सफल घेराबंदी
आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर, लालसोट और पारासर धाम जैसे इलाकों में छिपकर फरारी काट रहा था। एजीटीएफ की टीम पिछले एक महीने से तकनीकी इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी।
- टीम नेतृत्व: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह के सुपरविजन में टीम ने बांदीकुई में जाल बिछाकर उसे दस्तयाब किया।
- अगली कार्रवाई: विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उससे गैंग के नेटवर्क और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।
“संगठित अपराधियों के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी है। राजस्थान की धरती को गैंगस्टर्स की पनाहगाह नहीं बनने दिया जाएगा। चन्दू शर्मा की गिरफ्तारी से पंजाब और राजस्थान में सक्रिय इस नेटवर्क की कमर टूटेगी।”
— दिनेश एम.एन., एडीजी (एजीटीएफ)