भाजपा के नए प्रदेश प्रभारियों की सूची: राजस्थान में संजय भाटिया बने प्रभारी, डॉ. सतीश पूनिया को दो राज्यों की जिम्मेदारी

3 Min Read

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए अपने सांगठनिक ढांचे में एक बड़ा और व्यापक फेरबदल किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी के नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से 23 सितंबर को इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। इस नई संगठनात्मक जमावट में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवाओं और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है

राजस्थान के संदर्भ में पार्टी आलाकमान ने बड़ा निर्णय लेते हुए संजय भाटिया को प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ मध्य प्रदेश से आने वाली राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार और दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलजीत चहल को राजस्थान का सह-प्रभारी बनाया गया है। यह नई टीम राज्य में संगठन को और अधिक सक्रिय करने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का काम करेगी।

इस सांगठनिक बदलाव में राजस्थान के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया के कद में इजाफा करते हुए उन्हें दो अहम राज्यों पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और राजस्थान से आने वाली राष्ट्रीय पदाधिकारी (डॉ.) अलका गुर्जर को पंजाब का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर के अन्य प्रमुख चेहरों की बात करें तो पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश, बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र,श्री तरुण चुघ को गुजरात और राम माधव को तमिलनाडु की कमान सौंपी गई है। वहीं महाराष्ट्र के सह-प्रभारी के रूप में भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा नेतृत्व के इस बड़े फैसले के बाद सभी राज्यों में नए सिरे से चुनावी और संगठनात्मक रणनीतियों को गति मिलने की उम्मीद है।

- Advertisement -

BJP New State Incharges, Sanjay Bhatia Rajasthan Incharge, Satish Poonia Punjab Prabhari, Nitin Nabin BJP President, Smriti Irani Haryana Incharge, Alka Gurjar BJP, Kavita Patidar Rajasthan, Kuljeet Chahal, BJP Reshuffle 2026

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article