जयपुर राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ के प्रति प्रदेश के युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अपना खुद का उद्यम स्थापित करने के सपने को पूरा करने के लिए महज 10 दिनों के भीतर ही 5 हजार से अधिक युवाओं ने इस योजना में आवेदन किया है। योजना का मुख्य आकर्षण 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण है, जिसमें राज्य सरकार द्वारा शत-प्रतिशत ब्याज का पुनर्भरण किया जाएगा।
1 लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 12 जनवरी को इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य प्रदेश के एक लाख युवाओं को विनिर्माण, सेवा एवं व्यापार सेक्टर में सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। विभाग द्वारा 15 जनवरी को गाइडलाइन जारी की गई और 22 जनवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई।
उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि योजना के प्रति युवाओं की प्रतिक्रिया बहुत बेहतर रही है और अब तक कुल 5,089 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिला महाप्रबंधकों को इन आवेदनों की तुरंत जांच कर ऋण स्वीकृति और वितरण के लिए शीघ्र ही बैंकों को अग्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसे कितना मिलेगा लाभ? (लोन और मार्जिन मनी)
योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण के अलावा, 50 हजार रुपये तक की मार्जिन मनी और सीजीटीएमएसई (CGTMSE) शुल्क के पुनर्भरण का भी प्रावधान है। शैक्षणिक योग्यता के आधार पर ऋण राशि तय की गई है:
- 8वीं से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण:
- सेवा एवं व्यापार क्षेत्र के लिए: 3.5 लाख रुपये तक ऋण
- मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए: 7.5 लाख रुपये तक ऋण
- मार्जिन मनी: अधिकतम 35,000 रुपये
- स्नातक, आईटीआई या अधिक योग्यता:
- सेवा एवं व्यापार क्षेत्र के लिए: 5 लाख रुपये तक ऋण
- मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए: 10 लाख रुपये तक ऋण
- मार्जिन मनी: अधिकतम 50,000 रुपये
जिलों का हाल: जयपुर टॉप पर, इन जिलों में भी भारी उत्साह
आवेदन करने में जयपुर जिले के युवा सबसे आगे हैं, जहां सर्वाधिक 385 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
- 200 से अधिक आवेदन वाले जिले: जयपुर (385), चूरू (270), बीकानेर (220), टोंक (212), और हनुमानगढ़ (209)।
- 100 से अधिक आवेदन वाले जिले: बूंदी (195), सीकर (187), श्रीगंगानगर (179), जोधपुर (175), दौसा (170), डीडवाना कुचामन (158), बारां (155), झुंझुनूं (150), नागौर (148), भीलवाड़ा (144), अजमेर (143), झालावाड़ (141), भरतपुर (135), बाड़मेर (131), सवाई माधोपुर (131), कोटा (118), करौली (110), पाली (109) और अलवर (100)।
कैसे करें आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए प्रदेश के युवा अपनी एसएसओ आईडी (SSO ID) और ई-मित्र (E-Mitra) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवश्यक दस्तावेज: आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, आवेदक की फोटो, शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता का प्रमाण पत्र। संस्थागत आवेदन की स्थिति में 51 प्रतिशत से अधिक स्वामित्व का दस्तावेज जरूरी है।
