इंडिया स्टोनमार्ट 2026: 5 फरवरी से जयपुर में लगेगा दुनिया का सबसे बड़ा स्टोन मेला; 8 देशों की भागीदारी के साथ इतिहास रचने को तैयार राजस्थान

Live Sach Profle Photo

जयपुर – राजस्थान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने शुक्रवार को ऐलान किया कि जयपुर वैश्विक स्टोन उद्योग के सबसे बड़े महाकुंभ, ‘इंडिया स्टोनमार्ट 2026’ की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। 5 से 8 फरवरी तक सीतापुरा स्थित जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में आयोजित होने वाला यह 13वां संस्करण अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कर्नल राठौड़ ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नीति संवाद, नवीनतम तकनीक और वैश्विक सहयोग का एक सशक्त अंतरराष्ट्रीय मंच बनेगा।

8 देशों से प्रदर्शक लेंगे हिस्सा, 25,000 वर्ग मीटर में सजेगा बाजार

स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा ने बताया कि इस बार आयोजन करीब 25,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला होगा, जिसमें कुल 539 स्टॉल्स लगाए जाएंगे। इस संस्करण की सबसे बड़ी खासियत इसकी अभूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय भागीदारी है। पहली बार चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली, स्पेन, यूके और अमेरिका जैसे 8 देशों से प्रदर्शक इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा 20 से अधिक देशों के बायर्स और आर्किटेक्ट्स भी जयपुर आ रहे हैं, जो इस आयोजन की वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

‘ओडीओपी पवेलियन’ और युवाओं के लिए रोजगार की बाहर

कर्नल राठौड़ ने जानकारी दी कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत राजस्थान के चुनिंदा पत्थर उत्पादों के लिए एक विशेष पवेलियन बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ के तहत अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है, जिसका लक्ष्य एक लाख युवाओं को लाभान्वित करना है।

एमएसएमई के लिए संजीवनी है स्टोनमार्ट

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सह महामंत्री नरेश पारीक और राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह ने इस आयोजन को एमएसएमई (MSME) सेक्टर के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह छोटे और मध्यम उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, नई तकनीक और निवेशकों से सीधे जोड़ने का काम करता है। पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम ने इसे वैश्विक विश्वास का संगम बताया।

स्मार्ट सिटी और सस्टेनेबल आर्किटेक्चर को मिलेगी दिशा

रूडा (RUDA) की एमडी मनीषा अरोड़ा और सीडीओएस (CDOS) के चेयरमैन दीपक अजमेरा ने कहा कि स्टोनमार्ट 2026 शहरी विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजाइन इकोसिस्टम को नई दिशा देगा। इस बार तकनीक, डिजाइन और सस्टेनेबिलिटी पर विशेष फोकस है। डिजिटल एग्ज़िबिशन ऐप और मल्टी-लैंग्वेज वेबसाइट जैसे नवाचार इसे एक समग्र औद्योगिक प्लेटफॉर्म बनाते हैं।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article