जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में लोक संस्कृति के महाकुंभ ‘लोकमंथन-2026’ की तैयारियों का औपचारिक और भव्य शुभारंभ हो गया है। आगामी 4 से 6 दिसंबर 2026 तक जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के सफल आयोजन की मंगलकामना के साथ गुरुवार को भूमि पूजन संपन्न हुआ। आयोजन स्थल पर पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में पूर्णाहुति अर्पित की गई।
सीएम भजनलाल शर्मा ने हवन में दी पूर्णाहुति
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के राजस्थान क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेशचंद्र अग्रवाल, प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन के महासचिव जे. नंदकुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने हवन में आहुति देकर कार्यक्रम के निर्विघ्न और सफल आयोजन की कामना की।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मिलेगी नई ऊर्जा: मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकमंथन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘हम भारत के लोग’ की प्रेरक थीम पर आधारित यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम मात्र नहीं है, बल्कि यह भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना, समृद्ध लोकजीवन, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्रीय अस्मिता का महोत्सव है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन देशभर की लोक कलाओं, साहित्य, संस्कृति, परंपराओं और विविध वैचारिक धाराओं को एक सूत्र में पिरोते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश और देश के आमजन से लोक संस्कृति के इस ऐतिहासिक महाकुंभ का साक्षी बनने का आह्वान किया।