जयपुर। राजस्थान में सोमवार को 273 स्थानीय नगरीय निकायों के मेयर और चेयरमैन पदों के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जबर्दस्त जीत दर्ज की है। प्रदेश के 7 नगर निगमों में से 6 पर भाजपा ने अपना परचम लहराते हुए महापौर पदों पर कब्जा जमाया। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को केवल बीकानेर नगर निगम में जीत से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में अजमेर और पाली नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की भारी क्रॉस वोटिंग देखने को मिली, जहां स्पष्ट बढ़त और बहुमत के करीब होने के बावजूद कांग्रेस अपने मेयर नहीं बना सकी।
अजमेर और पाली में कांग्रेस में भारी सेंधमारी, भाजपा ने मारी बाजी
अजमेर और पाली नगर निगम के नतीजे चौंकाने वाले रहे, जहां कांग्रेस में बड़े पैमाने पर भीतरघात सामने आया। अजमेर में भाजपा की अनामिका शर्मा ने जीत दर्ज की। अनामिका शर्मा को 43 वोट मिले, जबकि चुनाव में भाजपा के 32 पार्षद ही जीते थे। दूसरी ओर, पाली नगर निगम में भाजपा की नमिता बुबकिया 33 वोट पाकर मेयर निर्वाचित हुईं, जबकि भाजपा के पास केवल 21 पार्षद थे। पाली में कांग्रेस के पास 29 पार्षद होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी सुमित्रा जैन को केवल 3 वोट मिले, जिससे कांग्रेस पार्षदों द्वारा बड़े पैमाने पर क्रॉस वोटिंग का खुलासा हुआ। पाली में निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला हिंगड़ दूसरे स्थान पर रहीं।
उदयपुर और अलवर में भी भाजपा का दबदबा
उदयपुर नगर निगम में भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस सिंघवी ने शानदार जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस की पूनम कंवर को 30 वोटों के बड़े अंतर से मात दी। वहीं, अलवर नगर निगम में भी भाजपा की सुमनलता अग्रवाल विजयी रहीं। सुमनलता अग्रवाल को 42 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी कमलेश शर्मा को महज 23 वोट प्राप्त हुए। सुमनलता ने यह मुकाबला 19 वोटों के अंतर से जीता।
भीलवाड़ा और भरतपुर में निर्विरोध चुने गए भाजपा महापौर
भीलवाड़ा और भरतपुर नगर निगम में भाजपा का पलड़ा इतना भारी रहा कि वहां मतदान की नौबत ही नहीं आई। भीलवाड़ा में जसवंत कंवर और भरतपुर में अनुराधा सिंह निर्विरोध महापौर चुनी गईं। दोनों ही स्थानों पर भाजपा ने बिना किसी मुकाबले के जीत दर्ज कर अपनी संगठनात्मक मजबूती साबित की।
बीकानेर में कल्ला परिवार का दबदबा कायम
सात नगर निगमों में से कांग्रेस केवल बीकानेर में अपनी साख बचाने में कामयाब रही। बीकानेर नगर निगम में पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के भतीजे और कांग्रेस नेता अनिल कल्ला ने एकतरफा जीत दर्ज की। अनिल कल्ला ने भाजपा के प्रत्याशी सुरेंद्र को 30 वोटों के अंतर से शिकस्त दी और बीकानेर के नए महापौर बने।
नगर निगम चुनाव परिणाम: एक नजर में
| नगर निगम | कुल वार्ड | विजयी प्रत्याशी (पार्टी) | निकटतम प्रतिद्वंद्वी (पार्टी) | जीत का अंतर / स्थिति |
| उदयपुर | 80 | पारस सिंघवी (भाजपा) | पूनम कंवर (कांग्रेस) | 30 वोट |
| अजमेर | 80 | अनामिका शर्मा (भाजपा) | किरण गढ़वाल (कांग्रेस) | 6 वोट |
| अलवर | 65 | सुमनलता अग्रवाल (भाजपा) | कमलेश शर्मा (कांग्रेस) | 19 वोट |
| बीकानेर | 80 | अनिल कल्ला (कांग्रेस) | सुरेंद्र (भाजपा) | 30 वोट |
| पाली | 65 | नमिता बुबकिया (भाजपा) | राजबाला हिंगड़ (निर्दलीय) | 4 वोट |
| भीलवाड़ा | 70 | जसवंत कंवर (भाजपा) | — | निर्विरोध |
| भरतपुर | 65 | अनुराधा सिंह (भाजपा) | — | निर्विरोध |
Rajasthan Nikay Chunav, Rajasthan Mayor Election Results, BJP Rajasthan, Congress Rajasthan, Ajmer, Pali, Udaipur, Bikaner, Bhilawara, Kota, Bharatpur, Alwar, Jodhpur, Paras Singhvi,
