जयपुर: राजस्थान में छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं में लगातार कटौतियों का दौर जारी है। लैपटॉप योजना, पद्माक्षी (इंदिरा प्रियदर्शिनी) पुरस्कार और शिक्षक सम्मान में पहले ही कटौती की जा चुकी है, और अब सरकार ने निशुल्क साइकिल वितरण योजना में भी एक बड़ा बदलाव कर दिया है।
किसे मिलेगा योजना का लाभ और कौन हुआ बाहर?
नियमों में बदलाव के बाद अब सरकारी स्कूलों में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली सभी बेटियों को निशुल्क साइकिल का लाभ नहीं मिलेगा।
- नई व्यवस्था के तहत यह लाभ केवल खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) से जुड़े परिवारों की बेटियों को ही दिया जाएगा।
- शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है।
- इस सत्र में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली कुल बालिकाओं की संख्या करीब 3.30 लाख है, जबकि नए नियमों के दायरे में केवल 2.40 लाख एनएफएसए परिवार की बालिकाएं ही आएंगी।
- इस प्रकार लगभग 90 हजार बालिकाएं (करीब 28%) इस योजना से बाहर हो गई हैं, जिससे विभाग का लगभग 40 करोड़ रुपए का बजट कम हो गया है।
ट्रांसपोर्ट वाउचर पर विचार, लेकिन हैं कई शर्तें
साइकिल योजना से बाहर हो रही बालिकाओं के लिए विभाग ट्रांसपोर्ट वाउचर देने पर विचार कर रहा है, हालांकि इसके लिए नियम और शर्तें लागू हैं।
- ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा की उन बालिकाओं को ट्रांसपोर्ट वाउचर दिया जाता है जो 5 किलोमीटर या इससे अधिक दूरी से स्कूल आती हैं।
- ऐसे में जो बालिकाएं साइकिल योजना से बाहर हुई हैं और यदि वे स्कूल से 5 किमी से कम दूरी से आ रही हैं, तो उन्हें ट्रांसपोर्ट वाउचर का लाभ भी नहीं मिल पाएगा। इस मामले पर प्रतिक्रिया जानने के लिए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका कॉल रिसीव नहीं हुआ।
इन योजनाओं में भी हो चुकी है पहले कटौती
प्रदेश में पिछले कुछ समय में शैक्षणिक और प्रोत्साहन योजनाओं में लगातार बदलाव किए गए हैं:
- पद्माक्षी पुरस्कार (पूर्व में इंदिरा प्रियदर्शिनी): पुरस्कार राशि में भारी कटौती की गई है। अब 8वीं की बालिका को 25 हजार, 10वीं को 50 हजार और 12वीं की बालिका को 75 हजार रुपए दिए जाते हैं, जबकि पहले राशि अधिक होने के साथ स्कूटी भी दी जाती थी।
- लैपटॉप योजना: पहले राज्य स्तर पर टॉप 6,000 और जिला स्तर पर टॉप 100-100 विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का प्रावधान था, जिसे बाद में टैबलेट में बदला गया।
- शिक्षक सम्मान: वर्ष 2024 तक राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर कुल 1,374 शिक्षकों को सम्मानित किया जाता था, जिसे घटाकर 2025 से केवल जिला स्तर पर 189 शिक्षकों तक सीमित कर दिया गया है और ब्लॉक स्तर पर योजना समाप्त कर दी गई है।