अवैध निर्माण करने वाले सावधान! जयपुर नगर निगम की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, बायलॉज के खिलाफ बने तहखाने और दुकानें सीज

Desk

राजधानी जयपुर में अवैध और बिना स्वीकृति के हो रहे निर्माण कार्यों पर नगर निगम ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर निगम जयपुर हेरिटेज के किशनपोल जोन में उपायुक्त पवन मीणा के नेतृत्व में सतर्कता शाखा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध निर्माणों को सीज कर दिया। नियमों (Building Byelaws) को ताक पर रखकर धड़ल्ले से बनाई जा रही इन इमारतों पर निगम की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।

कहाँ-कहाँ हुई सीज की कार्रवाई?

जोन उपायुक्त पवन मीणा ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर बिना परमिशन चल रहे निर्माणों को चिन्हित कर यह कार्रवाई की गई है। सीज किए गए भवनों का विवरण इस प्रकार है:

  • चार दरवाजा क्षेत्र: म.न. 48, एच ए आर काॅलोनी, चार दरवाजा में बिना स्वीकृति और बायलॉज के विरुद्ध निर्माण करने पर सम्पूर्ण भवन को सीज कर दिया गया। इसी तरह म.न. 46, एच ए आर काॅलोनी के सम्पूर्ण भवन को भी सीज किया गया।
  • चौड़ा रास्ता: म.न. 318-320, नमकीन वालों की गली, चौड़ा रास्ता (चौकड़ी विश्वेश्वर जी) में बिना स्वीकृति के अवैध तहखाने (Basement) का निर्माण किया जा रहा था, जिसे निगम की टीम ने सीज कर दिया।
  • जालूपुरा रोड: म.न. सी-4, सोनू मालवान जनरल स्टोर के सामने, मैन जालूपुरा रोड पर बिना परमिशन बनाई जा रही तीन दुकानें और नवनिर्मित परिसर को सीज किया गया है।

नगर निगम की आमजन से अपील:

- Advertisement -

नगर निगम ने इस कार्रवाई के साथ ही आमजन से सख्त अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का भवन निर्माण शुरू करने से पूर्व संबंधित विभाग से अनुमति अवश्य प्राप्त करें। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, जिससे जयपुर शहर को सुव्यवस्थित, सुंदर और सुरक्षित बनाया जा सके। निगम ने चेतावनी दी है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article