राजस्थान में पिछले 4 साल से नहीं हुए छात्रसंघ चुनाव: पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद, छात्रों को समझाइश कर नीचे उतारने का प्रयास जारी

Rakhi Singh

जयपुर: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग एक बार फिर तूल पकड़ती जा रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) ने जयपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय से जुड़े NSUI के तीन प्रमुख छात्र नेता टोंक फाटक स्थित एक पानी की टंकी पर जा चढ़े, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

टंकी पर चढ़े ये छात्र नेता, की ये प्रमुख मांगें

पानी की टंकी पर चढ़ने वालों में NSUI प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेत्री वियोना जाट और छात्र नेता कोशेन खान शामिल हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र और छात्र अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे तथा छात्रों से माफी की मांग की

इसके साथ ही छात्र नेताओं ने राजस्थान में पिछले 4 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने का कड़ा मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं, लेकिन लंबे समय से चुनाव बंद होने के कारण युवाओं को अपने नेतृत्व चुनने का अधिकार नहीं मिल पा रहा है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चुनाव बहाल नहीं किए गए और उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे और आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी

प्रशासन की समझाइश और यातायात प्रभावित

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए अधिकारियों द्वारा टंकी पर चढ़े छात्रों से लगातार बातचीत की जा रही है और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते टोंक फाटक इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है

- Advertisement -

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article