नकल माफिया पर शिकंजा: एलडीसी परीक्षा में गड़बड़ी मामले में मुख्य आरोपी हिरासत में, 3 सदस्यीय कमेटी की जांच में सामने आई सच

Desk

जैसलमेर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड द्वितीय (LDC) भर्ती परीक्षा में जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल केंद्र पर हुए कथित नकल कांड ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में हड़कंप मचा दिया है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर गठित 3 सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

बीती 5 जुलाई को आयोजित एलडीसी परीक्षा के दौरान जैसलमेर के एक परीक्षा केंद्र पर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने परीक्षा केंद्र के केंद्रीय अधीक्षक उम्मेद सिंह, रिलीवर पदम सिंह, वीक्षक भीम सिंह, जालम सिंह तथा अभ्यर्थी मनु कंवर के खिलाफ एफआईआर (संख्या 0136/2026) दर्ज की है।

पुलिस ने राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022 की धारा 3/10 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी रिलीवर पदम सिंह को हिरासत में ले लिया है। साथ ही, कथित रूप से नकल करने वाली अभ्यर्थी मनु कंवर को भी डिटेन किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई करतूत

जांच कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा केंद्र के रूम नंबर-10 में तैनात रिलीवर पदम सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे अभ्यर्थी मनु कंवर से प्रश्नपत्र लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि पदम सिंह ने प्रश्नपत्र को करीब 6 से 7 मिनट तक अपने पास रखा और बाद में उसे वापस अभ्यर्थी को सौंप दिया। इसी फुटेज के आधार पर परीक्षा की गोपनीयता भंग करने और नकल कराने का पुख्ता मामला दर्ज किया गया है।

- Advertisement -

राजनीतिक गरमाहट और जांच का दायरा

परीक्षा के अगले दिन से ही यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है। जैसलमेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के सोशल मीडिया पर मुद्दा उठाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा जैसे दिग्गज नेताओं ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंवतदान चारण को इसका जांच अधिकारी नियुक्त किया है। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article