जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट (Jodhpur Airport) के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और इसके साथ ही क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए संशोधित ‘उड़ान’ (UDAN) योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू उपस्थित रहे। 480 करोड़ रुपए की लागत से बना यह नया टर्मिनल राजस्थान के उड्डयन बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा।

23 हजार वर्ग मीटर में बना टर्मिनल, सालाना 20 लाख यात्रियों की क्षमता
जोधपुर एयरपोर्ट का यह नया टर्मिनल 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है और इसे हर साल 20 लाख यात्रियों को संभालने के लिए डिजाइन किया गया है। आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस इस टर्मिनल की वास्तुकला राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित है, जिसमें पारंपरिक मेहराब और झरोखों को समकालीन डिजाइन के साथ जोड़ा गया है। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इसमें ऊर्जा-कुशल प्रणाली और जल संरक्षण के उपाय किए गए हैं, जिसका लक्ष्य 5-स्टार गृह (GRIHA) रेटिंग प्राप्त करना है।

अगले 10 वर्षों के लिए 28,840 करोड़ की संशोधित ‘उड़ान’ योजना
देश में विमानन क्षेत्र के विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को तेज करने के लिए संशोधित ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (UDAN) योजना लॉन्च की गई है। अगले 10 वर्षों के लिए इस योजना में 28,840 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इसके तहत 12,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से मौजूदा गैर-सेवारत हवाई पट्टियों से 100 नए एयरोड्रोम विकसित किए जाएंगे।

हेलीपैड का निर्माण और स्वदेशी विमानों की खरीद
योजना के तहत क्षेत्रीय हवाई अड्डों के संचालन और रखरखाव (O&M) सहायता के लिए 2,500 करोड़ रुपए से अधिक रखे गए हैं। दुर्गम इलाकों में सुलभता के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। एयरलाइंस के लिए 10,000 करोड़ रुपए से अधिक का वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) समर्थन जारी रहेगा। आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को मजबूत करने के लिए इस पहल में स्वदेशी विमानों और हेलीकॉप्टरों, जैसे HAL ध्रुव और डोर्नियर की खरीद को भी योजना का हिस्सा बनाया गया है।
