जयपुर: राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने परीक्षा फर्जीवाड़े और फर्जी डिग्री रैकेट के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 (PTI Recruitment-2022) में फर्जी बीपीएड (B.P.Ed) डिग्री के जरिए सरकारी नौकरी दिलाने के मामले में फरार चल रहे वांछित दलाल पंकज कुमार जैन (42) को SOG ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे इस पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
₹1.30 लाख में हुआ था बैक डेट डिग्री का सौदा
यूनिवर्सिटी प्रशासन से थी मिलीभगत: SOG की जांच में सामने आया है कि दलाल पंकज जैन ने अपने साथी पवन सिंह चौहान उर्फ पी.एस. चौहान के साथ मिलकर एक अभ्यर्थी राजेश कुमार फागणा को फर्जी डिग्री दिलाने का जाल बुझा था। यह सौदा 1 लाख 30 हजार रुपए में तय हुआ था। उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद स्थित जे.एस. विश्वविद्यालय (JS University, Shikohabad) के प्रबंधन और अधिकारियों से मिलीभगत कर अभ्यर्थी का बैक डेट में एडमिशन दिखाया गया। उसे बिना कॉलेज गए सत्र 2017-19 के चारों सेमेस्टर की फर्जी मार्कशीट और डिग्री सौंप दी गई।
फर्जी दस्तावेजों से पाई सरकारी नौकरी, चांसलर और रजिस्ट्रार पहले ही जेल में
पूरे गिरोह पर SOG का शिकंजा: अभ्यर्थी राजेश कुमार फागणा ने इसी फर्जी बीपीएड डिग्री और मार्कशीट का इस्तेमाल कर शारीरिक शिक्षक (PTI) के पद पर अवैध रूप से सरकारी नौकरी हासिल कर ली थी। इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद SOG ने 27 नवंबर 2024 को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश (Criminal Conspiracy) की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। SOG इस मामले में पहले ही जे.एस. विश्वविद्यालय के चांसलर और रजिस्ट्रार सहित तीन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी SOG
ADG विशाल बंसल का बयान: अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) एसओजी, विशाल बंसल ने बताया कि मूल रूप से नैनवां (बूंदी) और वर्तमान में संजय नगर, धाबास रोड (जयपुर) के रहने वाले पंकज जैन से सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस दलाल ने जे.एस. यूनिवर्सिटी के प्रबंधन के साथ मिलकर अब तक कितने और अभ्यर्थियों को फर्जी डिग्रियां बांटी हैं और राजस्थान के सरकारी विभागों में अवैध नियुक्तियां दिलवाई हैं। इस मामले में आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।