NEET UG 2026: NTA ने बदली एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया, छात्रों की परेशानी को देखते हुए लिया बड़ा फैसला

Desk

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रीनीट (Re-NEET) देने वाले स्टूडेंट्स के लिए एक बड़ी राहत का ऐलान किया है। एनटीए ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया में बैंक खाते की जानकारी को रिकन्फर्म या अपडेट करने की अनिवार्यता को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया है। इस अहम फैसले से देशभर के उन लाखों स्टूडेंट्स को भारी राहत मिलेगी, जो किन्हीं तकनीकी या व्यक्तिगत कारणों से अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं कर पा रहे थे और इस वजह से उन्हें अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि रीनीट परीक्षा आगामी 21 जून (रविवार) को पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। एनटीए की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस परीक्षा में शामिल होने वाले कुल 22.57 लाख स्टूडेंट्स में से लगभग 16 लाख अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। हालांकि, इसके बावजूद 6.5 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं किया है। चूंकि परीक्षा में अब बहुत कम समय बाकी रह गया है, इसलिए एनटीए का यह कदम इन बचे हुए छात्रों के लिए बेहद मददगार साबित होगा।

दरअसल, बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स ने एनटीए को ईमेल और हेल्पलाइन के जरिए अवगत कराया था कि वे नीट की पंजीकरण फीस के संभावित रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी को रिकन्फर्म या अपडेट करने में असमर्थ हैं। सर्वर डाउन होने और अन्य तकनीकी खामियों के चलते उनका कीमती समय बर्बाद हो रहा था। इन अभ्यर्थियों ने मांग की थी कि उन्हें बैंक डिटेल्स अपडेट किए बिना भी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सीधी सुविधा दी जाए, ताकि उनकी परीक्षा की अंतिम समय की तैयारी और परीक्षा में शामिल होने की प्रक्रिया किसी भी तरह से प्रभावित न हो।

छात्रों की इस वाजिब मांग और परेशानी पर गंभीरता से विचार करने के बाद एनटीए ने बैंक डिटेल्स अपडेट करने की शर्त को पूरी तरह से हटा दिया है। अब अभ्यर्थी बिना किसी बैंक जानकारी को अपडेट किए भी सीधे अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि छात्रों की सहूलियत के लिए एनटीए ने अब दो विकल्प उपलब्ध कराए हैं। पहले विकल्प के तहत स्टूडेंट तुरंत अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और बैंक खाते की जानकारी बाद में किसी भी समय अपडेट कर सकते हैं। वहीं, दूसरे विकल्प में वे पहले अपनी बैंक डिटेल्स को अपडेट कर उसके बाद प्रवेश पत्र निकाल सकते हैं। विशेषज्ञों ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सबसे अनिवार्य दस्तावेज है, इसलिए बिना आखिरी मिनट का इंतजार किए तुरंत इसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लेना चाहिए।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article