Bikaner ACB Special Unit Trap: खाते के विभाजन के नाम पर घूसखोरी, रिड़मलसर का पटवारी अंकुश कुमार अरेस्ट

Madhu Manjhi

श्रीगंगानगर | राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की स्पेशल यूनिट बीकानेर ने मंगलवार को श्रीगंगानगर जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए रिड़मलसर क्षेत्र में तैनात एक राजस्व पटवारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी पटवारी अंकुश कुमार (31) ने एक किसान से उसके मुरब्बे के संयुक्त खाते का विभाजन करने के एवज में एक लाख रुपए की भारी-भरकम घूस मांगी थी। मूल रूप से पदमपुर तहसील के 8 ईईए निवासी इस पटवारी की गिरफ्तारी के बाद राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है।

ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार, परिवादी सुखदेव सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चक 68 एलएनपी स्थित मुरब्बा संख्या 35 के खाते का विभाजन कराने के लिए पटवार हल्का 68 एलएनपी (रिड़मलसर) का यह पटवारी उसे परेशान कर रहा है और रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद स्पेशल यूनिट ने मामले का गोपनीय तरीके से सत्यापन कराया, जिसमें घूस मांगे जाने के आरोप पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और परिवादी को तय रणनीति के तहत रिश्वत की पहली किश्त लेकर भेजा। जैसे ही आरोपी पटवारी ने 50 हजार रुपए अपने हाथ में लिए, पहले से मुस्तैद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। फिलहाल एसीबी ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसके कार्यालय व अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article