Gautam Kumar Dak Viral Audio: राजस्थान के सियासी हलकों से लेकर सोशल मीडिया तक इस समय भजनलाल सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक का एक कथित ऑडियो क्लिप आग की तरह फैल रहा है। वायरल हो रहे इस ऑडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि मंत्री जी ने बातचीत के दौरान मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं और महज 3 मिनट के भीतर 17 बार मां-बहन की भद्दी गालियां दे डालीं।
यह ऑडियो सामने आने के बाद से ही व्हाट्सएप, एक्स (Twitter) और फेसबुक पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। विपक्ष (कांग्रेस) ने इस मुद्दे को हाथों-हाथ लेते हुए सरकार पर चौतरफा हमला बोल दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिम्मेदार पद पर बैठे मंत्री की ऐसी भाषा राजस्थान की संस्कृति और राजनीति को शर्मसार करने वाली है। हालांकि, ‘लाइव सच न्यूज’ इस वायरल ऑडियो की सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो पर मंत्री गौतम कुमार दक की सफाई
बयान जारी करते हुए मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा, “आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग करके इस ऑडियो को एडिट (टैम्पर) किया गया है। इस एडिटेड ऑडियो से मेरा दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।” मंत्री की इस सफाई के बाद अब इस मामले में डीपफेक या वॉयस क्लोनिंग जैसी आधुनिक तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, मंत्री के इस आधिकारिक बयान के बाद बीजेपी राहत की सांस ले रही है और विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करने की रणनीति बना रही है।