कान्स रेड कार्पेट पर जोधपुर की डॉ. सोनल परिहार ने बिखेरा जलवा, ग्लोबल मंच पर राजस्थानी ‘डंका’ कला

दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ‘Cannes Film Festival 2026’ के रेड कार्पेट पर इस बार राजस्थान की माटी की महक और यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जलवा देखने को मिला। मारवाड़ (जोधपुर) की जानी-मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ (Gynecologist) डॉ. सोनल परिहार ने कान्स के रेड कार्पेट पर वॉक कर शहर को एक नई ग्लोबल पहचान दी है।

डॉ. सोनल परिहार (Dr Sohan Parihar) ने अपने पहनावे के जरिए न सिर्फ भारतीय शिल्पकला का प्रदर्शन किया, बल्कि राजस्थानी संस्कृति और ग्लोबल फैशन के अद्भुत मिश्रण को भी दुनिया के सामने पेश किया। इससे पहले वे ‘मिसेज इंडिया’ और कई अन्य अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भी हिस्सा ले चुकी हैं।

3 अलग-अलग लुक में नजर आईं डॉ. सोनल रेड कार्पेट पर डॉ. सोनल ने 3 अलग-अलग आकर्षक लुक्स में राजस्थानी शिल्पकला की झलक दिखाई:

  • पहला लुक: इसमें उन्होंने पारंपरिक भारतीय कढ़ाई (Embroidery) फ्रेम वाली बेहद खूबसूरत ड्रेस पहनी।
  • दूसरा लुक: इस परिधान में खिलते बगीचों और बहती नदियों की बारीक हस्तकला को बड़ी खूबसूरती से उकेरा गया था।
  • तीसरा और सबसे खास लुक: यह लुक पूरी तरह राजस्थानी था, जिसमें उन्होंने 400 साल पुरानी दुर्लभ ‘डंका वर्क’ (Danka Work) कला को आधुनिक फैशन के साथ जोड़कर पेश किया।

इस विशेष राजस्थानी परिधान (Rajasthani Dress) को डिजाइनर नीतू सिंह ने तैयार किया था, जिसमें सोने की परत चढ़ी चांदी, तांबा और जर्मन सिल्वर का बेहतरीन इस्तेमाल किया गया था। पारंपरिक साड़ी और आभूषणों में सजी सोनल ने इस विलुप्त हो रही कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दी।

महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

मारवाड़ से निकलकर कान्स तक का सफर तय करने वाली डॉ. सोनल ने कहा कि, “यह सफर केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उन सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है जो अपनी प्रोफेशनल जिंदगी के साथ-साथ अपने सपनों को भी पूरा करना चाहती हैं।” उनके इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने से पूरे मारवाड़ में खुशी और गर्व का माहौल है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article