Amarnath Dham: वर्ष 2026 की पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले बाबा बर्फानी के प्रथम दिव्य दर्शन हो गए हैं, जिसने देश-विदेश के करोड़ों शिवभक्तों का हृदय श्रद्धा और आनंद से भर दिया है। पवित्र गुफा से बाबा बर्फानी की पहली अद्भुत तस्वीर सामने आ गई है, जिसमें इस बार करीब 6 से 7 फीट का भव्य और पूर्ण प्राकृतिक शिवलिंग स्वरूप निर्मित हुआ है। पवित्र गुफा की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाबलों के जवानों ने बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
प्रशासनिक तैयारियों के अनुसार, इस वर्ष की वार्षिक अमरनाथ यात्रा आगामी 3 जुलाई से औपचारिक रूप से शुरू होने जा रही है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों और स्वास्थ्य सुविधाओं की मुस्तैदी के बीच, बाबा बर्फानी की यह अलौकिक और विहंगम झलक श्रद्धालुओं को महादेव की असीम कृपा और अटूट आस्था का जीवंत एहसास करा रही है।