राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों, विशेषकर छात्रों के लिए इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रोमांच बेहद किफायती होने वाला है। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में 25 अप्रैल को होने वाले राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के मुकाबले के लिए फ्रेंचाइजी ने छात्रों को विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। जो टिकट आमतौर पर 1800 से 2500 रुपए के बीच मिलते हैं, वे छात्रों को मात्र 500 रुपए में उपलब्ध कराए जाएंगे।
सिर्फ ऑफलाइन मिलेगा लाभ राजस्थान रॉयल्स के वाइस प्रेसिडेंट राजीव खन्ना ने जानकारी दी कि यह विशेष सुविधा केवल ऑफलाइन मोड में उपलब्ध होगी। छात्रों को ये रियायती टिकट मैच से ठीक एक दिन पहले, यानी 24 अप्रैल को जारी किए जाएंगे।
टिकट के लिए शर्तें और प्रक्रिया:
- आईडी कार्ड अनिवार्य: टिकट खरीदने के लिए छात्र को अपना वैध शिक्षण संस्थान का आईडी कार्ड (Student ID) दिखाना होगा।
- एक आईडी पर एक टिकट: पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक आईडी कार्ड पर केवल एक ही टिकट दिया जाएगा।
- स्थान: यह टिकट सवाई मानसिंह स्टेडियम के विशेष ऑफलाइन काउंटर से खरीदे जा सकेंगे।
- समय: स्टेडियम के ईस्ट, वेस्ट और नॉर्थ गेट्स पर स्थित काउंटर रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहते हैं।
ईस्ट स्टैंड से मिलेगा शानदार व्यू राजीव खन्ना ने बताया कि छात्रों को ये टिकट ‘ईस्ट स्टैंड’ के लिए दिए जाएंगे। यह स्टैंड मैदान के शानदार व्यू के लिए जाना जाता है, जहाँ से प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को करीब से देख पाएंगे। आमतौर पर इस स्टैंड की कीमत 1800 रुपए होती है, लेकिन छात्रों के उत्साह को देखते हुए इसे 500 रुपए किया गया है।
बढ़ती कीमतों के बीच बड़ी राहत इस सीजन में IPL टिकटों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। जहाँ सबसे सस्ता टिकट (ईस्ट स्टैंड) पिछले साल के मुकाबले 300 रुपए महंगा होकर 1800 रुपए का हो गया है, वहीं प्रीमियम ‘ड्रीम लाउंज’ की कीमत 40 हजार रुपए तक पहुँच गई है। डिमांड के साथ बढ़ती इन कीमतों के बीच छात्रों के लिए 500 रुपए का यह ऑफर किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।