रणथंभौर में ‘मछली’ की वापसी? पानी के खूंखार शिकारी को जबड़ों में दबाकर जब ‘शक्ति’ ने दिखाया अपना असली रूप!

रणथंभौर नेशनल पार्क के ज़ोन नंबर 4 में एक ऐसा दुर्लभ और रोमांचक नज़ारा देखने को मिला, जिसने पर्यटकों और वाइल्डलाइफ़ प्रेमियों के होश उड़ा दिए । रणथंभौर की मशहूर बाघिन ‘मछली’ की पोती शक्ति (T-111) ने पानी के सबसे खतरनाक शिकारी मगरमच्छ का शिकार कर यह साबित कर दिया कि शिकार करने का हुनर उसके खून में है

जामुन देह इलाके में ‘शक्ति’ का जलवा

रविवार की सुबह जब पर्यटक जंगल सफारी पर निकले थे, तब ज़ोन नंबर 4 के जामुन देह इलाके में उन्हें बाघिन शक्ति दिखाई दी । शक्ति काफी समय से पानी के किनारे घात लगाकर बैठी थी । जैसे ही एक मगरमच्छ पानी के किनारे आया, बाघिन ने बिजली की तेजी से उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में ही दबोच लिया । यह पूरा दृश्य इतना अचानक और रोमांचक था कि वहां मौजूद लोग दंग रह गए ।

दादी ‘मछली’ की याद हुई ताजा

शिकार करने के बाद, बाघिन शक्ति ने भारी-भरकम मगरमच्छ को अपने जबड़ों में फंसाकर चट्टानों पर ऊपर की ओर खींचा । इस नज़ारे ने वाइल्डलाइफ़ एक्सपर्ट्स और पर्यटकों को ‘मछली’ बाघिन की याद दिला दी, जो मगरमच्छों का शिकार करने के लिए पूरी दुनिया में विख्यात थी । जानकारों का कहना है कि यह घटना बाघिन की ताकत, बेहतरीन रणनीति और आत्मविश्वास को दर्शाती है ।

कैमरों में कैद हुआ ऐतिहासिक शिकार

सफारी के दौरान मौजूद पर्यटकों ने इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों में कैद कर लिया । रणथंभौर टाइगर रिजर्व पहले से ही अपने बाघों के लिए दुनिया भर में मशहूर है, लेकिन बाघिन शक्ति के इस साहस भरे कारनामे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जंगल में कब कौन किस पर भारी पड़ जाए, यह कहना मुश्किल है ।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article