सीकर/नीमकाथाना: कृषि उपज मंडी में भ्रष्टाचार का एक बड़ा खेल सामने आया है। यहाँ अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एक अधिकारी को 40 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
परिवादी के पास पहले से दो दुकानें थीं और उसने चार नई दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। इन फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में मंडी सचिव रणधीर सिंह ने कुल 80 हजार रुपये की मांग रखी थी।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की सीकर इकाई के एएसपी विजय कुमार और पुलिस निरीक्षक सुभाष मील के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई गई। गुरुवार को जैसे ही परिवादी ने तय योजना के अनुसार पहली किश्त के रूप में 40 हजार रुपये सचिव को दिए, टीम ने उसे दबोच लिया। बची हुई राशि अगले दिन दी जानी थी।
आरोपी रणधीर सिंह मूल रूप से सीकर कृषि मंडी में अतिरिक्त सचिव है और कुछ समय पहले ही उसे नीमकाथाना का चार्ज मिला था। चार्ज संभालते ही सब्जी मंडी को रोडवेज स्टैंड से हटाकर मंडी परिसर में शिफ्ट करने और अनाज की सीधी खरीद न होने जैसी कई अव्यवस्थाएं सामने आ रही थीं। इससे राजस्व नुकसान और टैक्स चोरी की आशंकाएं भी बढ़ गई थीं। फिलहाल टीम पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।