RBSE 12th Toppers 2026 List with Names and Percentage – राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने आज, 31 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे कक्षा 12वीं के तीनों संकायों—विज्ञान, कला और वाणिज्य—के परीक्षा परिणाम एक साथ जारी कर दिए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इन नतीजों की आधिकारिक घोषणा की। इस साल 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 11 मार्च के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश भर के 8.5 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। नतीजों में एक बार फिर से छात्राओं ने बाजी मारी है और मेरिट लिस्ट में अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा है।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, विज्ञान संकाय में कुल पांच विद्यार्थियों ने 99.80% अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया है, जिनमें दीपिका प्रमुख हैं। वहीं, कला संकाय में नव्या मीणा और नरपत ने 99.60% अंकों के साथ पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। संकाय वार सफलता दर की बात करें तो, कला वर्ग का पास प्रतिशत सबसे अधिक 97.54% रहा। इसके बाद विज्ञान वर्ग में 96.23% और वाणिज्य वर्ग में 93.64% विद्यार्थी सफल हुए। कुल मिलाकर इस वर्ष बोर्ड का ओवरऑल पास प्रतिशत 97.20% दर्ज किया गया है।
परीक्षा में पास होने के लिए विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय और कुल मिलाकर न्यूनतम 33% अंक प्राप्त करने अनिवार्य थे। जिन छात्रों ने परीक्षा दी है, वे अपना विस्तृत परिणाम और प्रोविजनल मार्कशीट राजस्थान बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in और rajresults.nic.in पर अपना रोल नंबर दर्ज करके चेक कर सकते हैं। इसके अलावा वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने या इंटरनेट न होने की स्थिति में विद्यार्थी एसएमएस (SMS) और डिजिलॉकर के माध्यम से भी अपने विषयवार अंक प्राप्त कर सकते हैं। जो छात्र अपने अंकों से असंतुष्ट हैं या किसी विषय में सफल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए बोर्ड जल्द ही री-चेकिंग और सप्लीमेंट्री परीक्षा की तारीखों का ऐलान करेगा।