जयपुर |गुलाबी नगरी की बाहरी सीमाओं और पॉश कॉलोनियों में फार्म हाउस की आड़ में चल रहे अवैध साम्राज्यों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भांकरोटा थाना पुलिस ने ‘इंप्रेस ग्रीन्स’ के विला नंबर 5 में संचालित एक हाई-प्रोफाइल कैसिनो पार्टी पर छापा मारकर करोड़ों के अवैध जुआ कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से मास्टरमाइंड प्रदीप लालवानी सहित 16 लोगों को हिरासत में लिया है।
कॉरपोरेट स्टाइल में ‘मिनी गोवा’ का संचालन
पुलिस जांच में सामने आया कि इन लग्जरी फार्महाउसों में गोवा की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का कैसिनो चलाया जा रहा था। इस अवैध खेल में शामिल होने के लिए प्रति व्यक्ति 1 से 2 लाख रुपये की एंट्री फीस ली जा रही थी। सुरक्षा इतनी सख्त थी कि गेम शुरू होने से पहले मेहमानों के मोबाइल ‘फ्लाइट मोड’ पर रखवा दिए जाते थे ताकि पुलिस या बाहरी दुनिया को इसकी भनक न लगे।
हवाला कनेक्शन और प्रोफेशनल डीलर
इस रैकेट के तार अन्य महानगरों से भी जुड़े मिले हैं। टेबल पर पत्ते बांटने के लिए दिल्ली और अन्य शहरों से प्रोफेशनल लड़कियों (डीलर) को बुलाया गया था। खास बात यह है कि यदि किसी खिलाड़ी के पास नकदी खत्म हो जाती, तो मौके पर ही ‘हवाला’ के जरिए तुरंत कैश मंगवाने की सुविधा दी जा रही थी। मेहमानों के लिए विदेशी शराब और फाइव-स्टार शेफ के जरिए विशेष भोजन का प्रबंध भी किया गया था।
प्रशासन और जेडीए की भूमिका पर सवाल
यह पूरा अवैध कारोबार खेती की जमीन पर बिना किसी व्यावसायिक कन्वर्जन (90-A) के चल रहा था। ऊंची दीवारों के पीछे बने ये ‘अय्याशी के महल’ न केवल कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि सरकारी खजाने को भी राजस्व का भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और स्थानीय प्रशासन की नाक के नीचे चल रहे इस संगठित अपराध ने सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
6 साल से चल रहा था जाल
गिरफ्तार मास्टरमाइंड प्रदीप लालवानी ने पूछताछ में कबूला कि वह पिछले 6 साल से इस धंधे में है। पुलिस की चौकसी से बचने के लिए ये पार्टियां वीकेंड के बजाय बुधवार या गुरुवार (मिड-वीक) को आयोजित की जाती थीं। फार्महाउस के बाहर तैनात बाउंसर्स केवल खास ‘कोड वर्ड’ बताने पर ही प्रवेश देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने मौके से ऑर्गेनाइजर प्रदीप लालवानी, रॉबिन, शेखर लाल, अशोक कुमार, विक्रम सिंह, विनोद राणा और मोहित मेहता को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही जुआ खेलते हुए हर्षित राज, मोहित शर्मा, संजय सिंघानिया, शिवदास मीणा, अजय कुमार, जितेन्द्र चौधरी, विकास शर्मा, जुगल किशोर और अमित शर्मा को भी जेल भेजा गया है।
