जोधपुर | राजस्थान पुलिस की युवा आईपीएस अधिकारी और जोधपुर ग्रामीण की नई एसपी पीडी नित्या इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को जब वे पहली बार शेरगढ़ थाने के निरीक्षण पर पहुँचीं, तो उन्होंने दशकों पुराने पुलिसिया प्रोटोकॉल को दरकिनार कर एक नई मिसाल पेश की।
आमतौर पर बड़े अधिकारियों के स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया जाता है और सलामी (Guard of Honour) लेने के लिए एक विशेष लकड़ी की चौकी (Podium) रखी जाती है। लेकिन एसपी पीडी नित्या ने न केवल कारपेट पर चलने से मना कर दिया, बल्कि सलामी के लिए रखी गई लकड़ी की चौकी को अपने पैर से एक तरफ सरका दिया। उन्होंने वीवीआईपी कल्चर को छोड़कर अपने जवानों के बिल्कुल बराबर कच्ची जमीन पर खड़े होकर सलामी ली। उनके इस ‘टीम वर्क’ और समानता के संदेश ने वहां मौजूद हर पुलिसकर्मी और नेटिजन्स का दिल जीत लिया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बैरक की कमी और जर्जर संसाधनों जैसी समस्याओं को भी सुना और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
