फलोदी/जोधपुर: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने फलोदी जिला अस्पताल के एक चिकित्सा अधिकारी को रिश्वत लेते हुए दबोचा है । आरोपी डॉक्टर ने एक मारपीट के मामले में परिवादी के पक्ष में मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के लिए रिश्वत की मांग की थी ।
पक्ष में रिपोर्ट बनाने के लिए मांगी थी 10 हजार की रिश्वत
परिवादी पिंटू थानवी ने फलोदी थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज करवाया था । इस मामले में उसकी और उसके दोस्त की चोटों की मेडिकल रिपोर्ट जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार गौड़ को तैयार करनी थी । आरोप है कि डॉ. गौड़ ने रिपोर्ट को परिवादी के पक्ष में बनाने के बदले 10 हजार की घूस मांगी ।
किस्तों में वसूली और ACB का जाल
सत्यापन के दौरान सामने आया कि डॉक्टर ने 4 हजार की राशि पहले ही ले ली थी और शेष 7 हजार के लिए दबाव बना रहा था । परिवादी की शिकायत पर एसीबी जोधपुर ग्रामीण की टीम ने 13 मार्च 2026 को जाल बिछाया । योजना के मुताबिक, परिवादी 7 हजार लेकर डॉक्टर के फलोदी स्थित रेलवे स्टेशन के सामने वाले निजी आवास पर पहुँचा ।
स्टूल पर फेंके पैसे, रसायनिक टेस्ट में खुले राज
जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि डॉक्टर को दी, एसीबी टीम ने दबिश दे दी । टीम को देख डॉक्टर ने रिश्वत के नोट अपने लोअर की जेब से निकालकर पास रखे एक प्लास्टिक स्टूल पर फेंक दिए । हालांकि, रसायनिक परीक्षण (Sodium Carbonate) करने पर डॉक्टर के हाथ, लोअर की जेब और स्टूल का धोवण गुलाबी पाया गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई ।
आरोपी गिरफ्तार, जांच शुरू
एसीबी ने मौके से 7 हजार बरामद कर डॉ. जितेंद्र कुमार गौड़ को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत गिरफ्तार कर लिया है । मामले की अग्रिम जांच एसीबी के उप अधीक्षक गोरधन राम को सौंपी गई है ।
