जोधपुर डिस्कॉम के फागलिया दफ्तर में बवाल: नशे में धुत AEN पर मारपीट और जातिसूचक गालियों का आरोप, स्टाफ की ‘टूल डाउन’ हड़ताल

बाड़मेर। जोधपुर डिस्कॉम के फागलिया (बाड़मेर) कार्यालय में रविवार को उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सहायक अभियंता (AEN) तखत सिंह राठौड़ पर गंभीर आरोप लगे। कार्यालय के समस्त तकनीकी और मंत्रालयिक कर्मचारियों ने सहायक अभियंता पर शराब के नशे में स्टाफ के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार (टूल डाउन हड़ताल) की घोषणा कर दी है।

शराब के नशे में अभद्रता का आरोप

अधीक्षण अभियंता (पावस) को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, यह घटना 15 मार्च 2026 की शाम लगभग 04:50 बजे की है। आरोप है कि सहायक अभियंता तखत सिंह राठौड़ ने नशे में धुत होकर कार्यालय में प्रवेश किया और वहां मौजूद एआरओ सचिन कुमार छिलवाल, कैशियर योगेश कुमार और स्टोर कीपर दल्ला राम सहित अन्य स्टाफ को जूते मारने की धमकी दी।

जातिसूचक गालियां और मारपीट

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सहायक अभियंता ने स्टोर कीपर दल्ला राम को अपने चैम्बर में बुलाकर उनके साथ न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ मारपीट की और थप्पड़ जड़ दिए। कर्मचारियों का कहना है कि संबंधित अधिकारी अक्सर कार्यालय समय में नशे में रहते हैं और फील्ड स्टाफ व लाइनमैन को फोन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।

जब तक निलंबन नहीं, तब तक काम नहीं

घटना के विरोध में फागलिया कार्यालय के 18 से अधिक कर्मचारियों ने एकजुट होकर उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी सहायक अभियंता तखत सिंह राठौड़ को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक समस्त स्टाफ टूल डाउन हड़ताल पर रहेगा। इस हड़ताल के कारण क्षेत्र में बिजली से संबंधित शिकायतों के निवारण और राजस्व संग्रहण का कार्य पूरी तरह ठप होने की आशंका है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article