अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) ने झुंझुनूं के चिड़ावा में तैनात सहायक अभियंता (AEN) निधि मिश्रा के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। निगम की सचिव सीमा शर्मा द्वारा जारी किए गए ताजा आदेश के अनुसार, एईएन निधि मिश्रा को तत्काल प्रभाव से ‘अवेटिंग पोस्टिंग ऑर्डर’ (APO) कर दिया गया है। शनिवार को सरकारी अवकाश होने के बावजूद इस आदेश का जारी होना चर्चा का विषय बना हुआ है। एपीओ किए जाने के बाद अब उनका मुख्यालय झुंझुनूं स्थित अधीक्षण अभियंता (SE) कार्यालय तय किया गया है।

वायरल वीडियो में क्या था?
दरअसल, सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा था। इस वीडियो में चिड़ावा के खेतड़ी रोड स्थित पावर हाउस में एईएन निधि मिश्रा और भाजपा के पूर्व पार्षद रविकांत शर्मा के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही थी। पूर्व पार्षद वार्ड नंबर 11, 14 और 32 की समस्याओं और 33 केवी लाइन शिफ्टिंग को लेकर तीन महीने पहले दिए गए प्रार्थना पत्र पर जवाब मांग रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और वायरल वीडियो में एईएन निधि मिश्रा तैश में यह कहते हुए नजर आ रही थीं कि, “अगर मेरे काम से असंतोष है तो जो करना है कर लो, जाओ मेरा ट्रांसफर करवा दो।”
राजनीतिक दबाव या प्रशासनिक कदम?
सूत्रों के अनुसार, इस त्वरित कार्रवाई को सीधे तौर पर उसी वायरल वीडियो और भाजपा नेता के साथ हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। अवकाश के दिन आनन-फानन में आदेश जारी होने से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि विभाग पर भारी दबाव के चलते ही यह कार्रवाई की गई है।
